RS Bali Calls of Union Minister Shekhawat : हिमाचल को जल्द मिल सकती है ₹250 करोड़ की पर्यटन परियोजनाओं की सौगात, केंद्रीय पर्यटन मंत्री शेखावत से मिले आरएस बाली
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला/नई दिल्ली, 07 फरवरी 2026 : हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (HPTDC) के चेयरमैन आरएस बाली ने कहा है कि राज्य में पर्यटन ढांचे को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार से लगभग ₹250 करोड़ की पर्यटन परियोजनाओं को जल्द स्वीकृति मिलने की संभावना है।
आरएस बाली ने बताया कि नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से उनकी शिष्टाचार भेंट हुई, जिसमें हिमाचल प्रदेश में पर्यटन विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और प्रस्तावित परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि उनके आग्रह पर केंद्रीय मंत्री ने हिमाचल के लिए ₹250 करोड़ की परियोजनाओं को स्वीकृति देने पर सहमति जताई है।
बाली के अनुसार राज्य सरकार शीघ्र ही इन परियोजनाओं के विस्तृत प्रस्ताव केंद्र सरकार को सौंपेगी। केंद्रीय मंत्री ने स्वयं हिमाचल आकर प्रस्तावित परियोजनाओं की स्थलीय समीक्षा करने की इच्छा भी जताई है, जिससे पर्यटन विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की विकासपरक सोच और दूरदर्शी दृष्टिकोण को जमीन पर उतारने के लिए पर्यटन क्षेत्र में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इस दिशा में प्रस्तावित परियोजनाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
आरएस बाली ने हिमाचल प्रदेश के प्रति सकारात्मक सहयोग और विकासात्मक प्रतिबद्धता के लिए केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का आभार भी व्यक्त किया। (SBP)
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →