जालंधर में आज (7 फरवरी) को किया जाएगा लक्की ओबरॉय का अंतिम संस्कार
जालंधर. 07 फरवरी,2026ः जालंधर में आम आदमी पार्टी के नेता लक्की ओबरॉय की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। हत्या के 24 घंटे में कोई खुलासा नहीं हो पाया। मर्डर की जिम्मेदारी गैंगस्टर जोगा फोलड़ीवाल ने पोस्ट डालकर ली। वहीं आज लक्की का अंतिम संस्कार किया जाएगा।पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद डेडबॉडी को किशनपुरा स्थित श्मशान घाट के फ्रीजर में रखवा दिया है। आज उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक DGP गौरव यादव ने खुद जालंधर आकर अधिकारियों से बात की और गैंगस्टरों तक हथियार पहुंचने में पाकिस्तानी लिंक बताया। पुलिस ने परिवार के बयानों पर पुलिस स्टेशन डिवीजन-6 में FIR दर्ज की है।
कैसे हुई वारदात
लक्की ओबरॉय शुक्रवार सुबह 7 बजे के करीब जालंधर के पॉश एरिया मॉडल टाउन में गुरुद्वारे में माथा टेकने आए थे। जैसे ही वे गुरुद्वारे से निकलकर अपनी थार गाड़ी में बैठने लगे तो एक बदमाश ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियां चलते हुए का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जिसमें शूटर दोनों हाथ में पिस्टल लेकर फायरिंग करता हुआ दिख रहा है। परिवार लक्की को गंभीर हालत में मॉडल टाउन के प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंचा। वहां डॉक्टरों के मृत घोषित कर देने पर परिवार को भरोसा नहीं हुआ और ओबरॉय को श्रीराम अस्पताल ले जाया गया। हालांकि वहां भी उन्हें मृत बताया गया।
किसने ली कत्ल की जिम्मेवारी?
हत्या के 2 घंटे के बाद गैंगस्टर जोगा फोलड़ीवाल ने ओबरॉय के मर्डर की जिम्मेदारी ली। उसने सोशल मीडिया पर लिखा- आज जालंधर में जो लक्की ओबरॉय का कत्ल हुआ है, इसकी जिम्मेदारी मैं जोगा फोलड़ीवाल लेता हूं। ये कत्ल हमने अपनी आपसी दुश्मनी के चलते करवाया है।गैंगस्टर ने लिखा कि ये कत्ल खासला कॉलेज की प्रधानगी को लेकर हुआ है। इसने अपने सारे काले कामों को छिपाने के लिए आप का पल्ला पकड़ा था। ये कोई लीडर नहीं था, ये पुलिस का खास मुखबिर था।उसने आगे पोस्ट में लिखा सोशल मीडिया पर इसे आप नेता कहकर वायरल किया जा रहा है, जो बिल्कुल गलत है। ये एक बहुत बड़ा नशा तस्कर था। ये खुद भी नशे करता था और इसके सारे काले कारनामों के सबूत हमारे पास हैं।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →