Himachal Monsoon Red Alert : हिमाचल में मॉनसून सीजन का पहला रेड अलर्ट जारी, दो दिन पांच जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
20 और 21 को पांच जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 19 से 24 तक अधिकांश स्थानों में भारी बारिश की चेतावनी
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला/कुल्लू/मंडी : 19 जुलाई 2026 : हिमाचल में इस मानसून सीजन के चलते पहली बार भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 20 जुलाई को चार जिलों चंबा, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।
वहीं 21 जुलाई को पांच जिलों चंबा, कांगड़ा, मंडी, सिरमौर और कुल्लू जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इस दौरान प्रदेश के बाकी सभी जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार यह इस मॉनसून सीजन में पहली बार है, जब हिमाचल के लिए बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।
विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और सक्रिय मॉनसूनी प्रणाली के प्रभाव से अगले कई दिनों तक प्रदेश में तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है। 24 जुलाई के लिए येलो अलर्ट, जबकि 19, 20 और 24 जुलाई के लिए भारी बारिश का ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने रेड और ऑरेंज अलर्ट के साथ लोगों के लिए विस्तृत एडवाइजरी भी जारी की है। विभाग के अनुसार बहुत भारी बारिश के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन, मलबा गिरने, भूमि धंसने और अचानक बाढ़ आने की आशंका काफी अधिक रहेगी। नदियों, खड्डों और नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है तथा निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। कमजोर भवनों को नुकसान पहुंचने, बागवानी और खड़ी फसलों के प्रभावित होने, सडक़ों पर फिसलन और कम दृश्यता के कारण वाहन दुर्घटनाओं तथा लंबा जाम लगने की भी आशंका जताई गई है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →