Himachal: Kullu JE Murder Case : ब्यास नदी में फेंककर सबूत मिटाना चाहते थे आरोपी, पुलिस पूछताछ में हुए कई सनसनीखेज खुलासे
बाबूशाही ब्यूरो
कुल्लू: 01 अगस्त 2026 : जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता (JE) लाभ सिंह गुलेरिया हत्याकांड में पुलिस रिमांड पर चल रहे आरोपियों से पूछताछ के दौरान कई अहम और चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी डॉक्टर दंपती, उनके भाई और ससुर ने हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए कई योजनाएं बनाई थीं, लेकिन डर और जल्दबाजी के कारण उनकी कोई भी योजना पूरी तरह सफल नहीं हो सकी।
पुलिस पूछताछ के अनुसार, आरोपियों की पहली योजना कनिष्ठ अभियंता को उफनती ब्यास नदी में फेंकने की थी। लगातार हो रही बारिश के कारण नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ था और आरोपियों को उम्मीद थी कि तेज बहाव में शव बह जाएगा, जिससे पुलिस को कोई सबूत नहीं मिल पाएगा। कुल्लू घाटी में पहले भी ब्यास और पार्वती नदी में बहने वाले कई लोगों के शव बरामद नहीं हो सके हैं। इसी वजह से आरोपी इस भौगोलिक स्थिति का फायदा उठाकर हत्या के सबूत हमेशा के लिए मिटाना चाहते थे।
हालांकि, वारदात स्थल से ब्यास नदी तक पहुंचने के लिए करीब दो से तीन किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल था और आरोपियों को लगातार पकड़े जाने का डर सता रहा था। उन्हें आशंका थी कि रास्ते में कोई देख सकता है या पुलिस की नाकेबंदी में वे फंस सकते हैं। इसी कारण उन्होंने नदी में शव फेंकने की योजना छोड़ दी।
इसके बाद आरोपियों ने घायल कनिष्ठ अभियंता को वाहन में डालकर पिरड़ी क्षेत्र की ओर ले जाने का प्रयास किया, ताकि किसी सुनसान स्थान पर फेंका जा सके। लेकिन इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि JE के परिजन उनकी तलाश करते हुए उसी मार्ग से कुल्लू की ओर आ रहे हैं। हालात बिगड़ते देख आरोपियों ने जल्दबाजी में गांधीनगर के समीप एक नाले में घायल JE को फेंक दिया और मौके से फरार हो गए।
घटना के कुछ ही समय बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों की नजर नाले में पड़े लहूलुहान युवक पर पड़ी। उन्होंने बिना देर किए पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। घायल कनिष्ठ अभियंता को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक (SP) कुल्लू मदन लाल ने बताया कि सभी आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है। मामले में हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियारों की बरामदगी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है और जल्द ही इस मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।
यह हत्याकांड पूरे हिमाचल प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि जांच वैज्ञानिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे बढ़ रही है तथा मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →