NUJI : जयपुर राष्ट्रीय अधिवेशन में हिमाचल से 11 पत्रकार होंगे शामिल, दो महिला पत्रकार भी प्रतिनिधिमंडल का रहेंगी हिस्सा
जिलों में सदस्यता अभियान तेज करने का निर्णय
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 04 अक्टूबर 2026 : हिमाचल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स की हिमाचल प्रदेश इकाई की बैठक प्रदेश अध्यक्ष जोगिंद्र देव आर्य की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों, सदस्यता अभियान तथा राजस्थान में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय अधिवेशन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि 28 से 30 नवंबर तक राजस्थान में राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित किया जाएगा। इसमें हिमाचल प्रदेश से 11 सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल भाग लेगा। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रणेश राणा ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल में दो महिला पत्रकारों को भी शामिल किया जाएगा, ताकि संगठन की ओर से महिला पत्रकारों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों में संगठन को और अधिक मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। निर्णय लिया गया कि जिन जिलों में अभी तक संगठन की सदस्यता प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है, वहां पदाधिकारी पत्रकारों से संपर्क कर सदस्यता अभियान को गति देंगे। इसके साथ ही संबंधित जिलों में जिला कमेटियों का गठन भी किया जाएगा।
इस कार्य की जिम्मेदारी संगठन मंत्री गोपाल शर्मा तथा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रनेश राणा को सौंपी गई है। दोनों पदाधिकारी उन जिलों का दौरा करेंगे, जहां अभी संगठन की कमेटियों का गठन नहीं हुआ है। इस दौरान पत्रकारों से संवाद कर संगठन की गतिविधियों और उद्देश्यों की जानकारी दी जाएगी तथा सदस्यता प्रक्रिया पूरी करने के साथ जिला कमेटियों का गठन किया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि संगठन की प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा आगामी दो-तीन दिनों के भीतर कर दी जाएगी। कार्यकारिणी के गठन के बाद संगठन की गतिविधियों को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने तथा पत्रकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष जोगिंद्र देव आर्य ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के पत्रकारों को एकजुट कर उनके हितों और समस्याओं को उचित मंच पर उठाना है। उन्होंने पदाधिकारियों से सदस्यता अभियान में तेजी लाने तथा संगठन को जिला स्तर तक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ रणेश राणा, संगठन मंत्री गोपाल शर्मा, राजन, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ.शशिभूषण पुरोहित, स्पर्श शर्मा, भारत भूषण, पंकज कतना सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →