पंचायत का फरमानः भागकर शादी करने पर होगा परिवार का बहिष्कार
अमृतसरः जिला अमृतसर के नगर पंचायत अदलीवाल ब्लॉक हरसा छीना ने सामाजिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक अहम फैसला लिया है। पंचायत और गांव की आम इजलास में सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया गया कि गांव में आपसी शादी करवाने वालों का सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। पंचायत का कहना है कि बिना परिवार की सहमति के शादी करने से अक्सर गांव के परिवारों में विवाद और झगड़े बढ़ जाते हैं, जिससे सामाजिक माहौल खराब होता है।
पंचायत के अनुसार यदि किसी लड़के और लड़की की आपसी शादी होती है, तो उनके परिवार का गांव में बहिष्कार किया जाएगा। यहां तक कि यदि माता-पिता इस शादी के पक्ष में भी हों, तब भी गांव के लोग उनके साथ मेल-मिलाप नहीं करेंगे। उनके सुख-दुख में कोई भागीदारी नहीं होगी और किसी प्रकार का सामाजिक सहयोग नहीं मिलेगा।
साथ ही पंचायत ने तय किया कि गांव के पंच, सरपंच, सदस्य या लंबरदार ऐसे परिवारों की सरकारी या गैर-सरकारी काम में मदद नहीं करेंगे और किसी दस्तावेज पर हस्ताक्षर भी नहीं करेंगे। यदि कोई लड़का या लड़की अपने परिवार की सहमति के बिना किसी अन्य गांव के व्यक्ति के साथ भागकर शादी करता है, तो उसे गांव में रहने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →