हरियाणवी छोरे का कमालः राष्ट्रपति ने अर्जुन पुरस्कार से नवाजा
हांसी: हांसी के गांव सोरखी निवासी अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज नरेंद्र बेरवाल को शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार-2025 से सम्मानित किया।उनकी इस उपलब्धि से गांव सोरखी सहित हांसी और पूरे प्रदेश में खुशी की लहर है। नरेंद्र ने अपनी मेहनत और शानदार प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया है।उनका यह सम्मान न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि हरियाणा की खेल परंपरा और ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए भी गौरव का विषय है।
नरेंद्र ने वर्ष 2009 में मुक्केबाजी शुरू की थी। भिवानी बॉक्सिंग अकादमी में कोच देवराज के मार्गदर्शन में उन्होंने प्रशिक्षण लिया। वर्ष 2013 में भारतीय सेना में भर्ती होने के बाद भी उन्होंने अभ्यास जारी रखा और देश के लिए कई प्रतियोगिताओं में पदक जीते।
नरेंद्र ने वर्ष 2012 में फिलीपींस में यूथ वर्ल्ड प्रतियोगिता और 2013 में यूथ एशियन प्रतियोगिता में रजत पदक जीता। वर्ष 2015 के मिलिट्री वर्ल्ड गेम्स में भी रजत पदक हासिल किया।इसके बाद 2023 के एशियन गेम्स में कांस्य, यूरोपियन कप में स्वर्ण और 2025 के नेशनल गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की।वर्ष 2026 के ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में उन्होंने 90 किलोग्राम से अधिक भारवर्ग में रजत पदक हासिल किया। वहीं जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया।क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड के अद्थापोंग सेंगतेप को हराकर उन्होंने पदक पक्का किया था। सेमीफाइनल में कजाकिस्तान के विश्व चैंपियन ऐबेक ओरलबाय से हार के बाद उन्हें कांस्य पदक मिला।
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →