HPUJ : सोशल मीडिया के लिए स्पष्ट नीति बनाए प्रदेश सरकार : जोगिंद्र देव आर्य
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 03 अगस्त 2026 :
हिमाचल प्रदेश यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स के प्रदेश अध्यक्ष जोगिंद्र देव आर्य ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि राज्य में सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित होने वाली समाचार सामग्री के लिए एक स्पष्ट, पारदर्शी एवं व्यावहारिक नीति बनाई जाए।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया सूचना का सबसे सशक्त और प्रभावशाली माध्यम बन चुका है। फेसबुक, यूट्यूब, इंस्टाग्राम, व्हाट्सऐप सहित विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्मों पर प्रसारित समाचार लाखों लोगों तक कुछ ही क्षणों में पहुंच जाते हैं। ऐसे में इन माध्यमों पर प्रकाशित सामग्री का समाज, प्रशासन और जनमानस पर व्यापक प्रभाव पड़ता है।
जोगिंद्र देव आर्य ने कहा कि जहां अनेक डिजिटल पत्रकार और समाचार मंच पूरी जिम्मेदारी एवं तथ्यों के आधार पर पत्रकारिता कर रहे हैं, वहीं कुछ लोग बिना पुष्टि के भ्रामक और अफवाहपूर्ण सामग्री भी प्रसारित कर देते हैं। इससे समाज में भ्रम की स्थिति पैदा होती है और कई बार कानून-व्यवस्था की चुनौती भी उत्पन्न हो जाती है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को ऐसी सोशल मीडिया नीति बनानी चाहिए, जिसमें जिम्मेदार डिजिटल पत्रकारिता को प्रोत्साहन मिले, फर्जी एवं भ्रामक समाचारों पर प्रभावी नियंत्रण हो तथा अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और पत्रकारिता के संवैधानिक अधिकारों का भी पूरा सम्मान बना रहे।
उन्होंने सुझाव दिया कि इस नीति के निर्माण से पहले पत्रकार संगठनों, डिजिटल मीडिया प्रतिनिधियों, विधि विशेषज्ञों तथा प्रशासनिक अधिकारियों से व्यापक विचार-विमर्श किया जाए, ताकि सभी पक्षों को ध्यान में रखते हुए एक संतुलित और जनहितकारी नीति तैयार की जा सके।
जोगिंद्र देव आर्य ने कहा कि समय की आवश्यकता है कि डिजिटल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए स्पष्ट दिशा-निर्देश तय किए जाएं। इससे जिम्मेदार पत्रकारिता को मजबूती मिलेगी, आम जनता तक प्रमाणिक जानकारी पहुंचेगी तथा अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →