Himachal: कांगड़ा में चिट्टा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़; 16 अरेस्ट, पुलिस की ऑपरेशन ‘नया सवेरा’ के तहत बड़ी कार्रवाई
बाबूशाही ब्यूरो
धर्मशाला: 04 जून 2026 :
हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कांगड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ‘ऑपरेशन नया सवेरा’ के तहत जिला में सक्रिय एक संगठित चिट्टा (हेरोइन) तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मुख्य सरगना जालंधर निवासी अभिषेक सहोता को भी गिरफ्त में लिया गया है, जो कि पंजाब से ही हिमाचल प्रदेश सहित जिला कांगड़ा में चिट्टे की तस्करी कर रहा था। इसके लिए उसने जिला में अलग-अलग स्थानों पर कांउटर भी बनाए थे, जिनके माध्यम से चिट्टे की सप्लाई को अंजाम दिया जा रहा था। इसमें नशा तस्करों की ओर से गूगल मैप से वीडियो रिकॉर्ड कर मुख्य सप्लायर की ओर से ग्राहकों तक पहुंचाने की तकनीक अपनाई गई थी। कार्रवाई के दौरान कुल 167.18 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है, जबकि एक मालवाहक वाहन और 14 इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
कूरियर पंजाब से नशे की खेप लाकर विभिन्न काउंटरों तक पहुंचाते थे। जांच के दौरान पुलिस ने वित्तीय लेन-देन की भी पड़ताल की। पिछले एक वर्ष में करीब 80 लाख रुपए के संदिग्ध लेन-देन का पता चला है।
तस्करों पर शिकंजा
कांगड़ा के एसपी अशोक रतन ने कहा कि जांच में एक अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी नेटवर्क के अस्तित्व की पुष्टि हुई है। ‘ऑपरेशन नया सवेरा’ के तहत की गई गिरफ्तारियों और बरामदगी से कांगड़ा जिले में सक्रिय चिट्टा सप्लाई चेन को बड़ा झटका लगा है।
तीन चरणों में कार्रवाई
पुलिस ने तकनीकी निगरानी और खुफिया सूचनाओं के आधार पर अभियान को तीन चरणों में अंजाम दिया गया। पहले चरण में पुलिस थाना पालमपुर में एफआईआर संख्या 57/26 दर्ज की गई। इस दौरान 16.06 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →