Himachal Pradesh: चुनावी रंजिश पर दो घरों में लगा दी आग, चंबा के चुराह में पूर्व प्रधान सहित 11 लोगों पर केस दर्ज
बाबूशाही ब्यूरो
चंबा : 04 जून 2026 : चुराह उपमंडल की दूरस्थ आयल पंचायत में कथित तौर पर पंचायत चुनावों की खुन्नस के चलते कुछ लोगों ने एक मकान पर पथराव करने के साथ ही आग लगा दी। इस घटना के बाद इलाके में माहौल तनावपूर्ण हो गया है। पुलिस ने इस संदर्भ में पूर्व प्रधान सहित 11 लोगों पर बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने एहतियाती कदम उठाते हुए इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को ओर कड़ा कर दिया है। सरोगा गांव के बखतू खान ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि गत मंगलवार की शाम वह लाहरूड़ी स्थित अपने पारिवारिक सदस्यों संग नए मकान में मौजूद था। इस दौरान आयल से साहू मार्ग की तरफ से भारी शोर-शराबा और नारेबाजी करते लोगों की भीड़ आ पहुंची। बखतू खान का कहना है कि भीड़ के उग्र रूप को देखकर वह घर के पास ही छिप गया। देखते ही देखते भीड़ ने मकान पर पथराव आरंभ कर दिया। इसके चलते वह जान बचाते हुए पारिवारिक सदस्यों संग मौके से भाग गया। इसके बाद उग्र भीड़ ने मकान को आग लगा दी।
बखतू खान का कहना है कि इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खजराला गांव की तरफ निकल गए। चश्मदीद मंजूर अहमद ने पीड़ित को बताया कि इन आरोपियों ने रास्ते में जान मोहम्मद पुत्र जुम्मा वासी खजराला के घर को भी आग के हवाले कर दिया। बखतू खान का सीधा आरोप है कि हाल ही में संपन्न हुए पंचायती राज चुनावों के दौरान पूर्व प्रधान और कुछ लोगों ने उन्हें अपने पक्ष में वोट डालने के लिए धमकाया था। इसी चुनावी रंजिश का बदला लेने के लिए इस पूरी वारदात की साजिश रची गई। पुलिस ने शिकायत में नामजद 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना के बाद उत्पन्न तनाव की स्थिति की सूचना पाते ही तीसा पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →