Himachal: धर्म परिवर्तन के लिए पांच लाख का ऑफर; एक परिवार को दिया लालच, हर महीने पांच हजार, फ्री इलाज की सुविधा
बाबूशाही ब्यूरो
बिलासपुर: 09 जून 2026 :
घुमारवीं उपमंडल के हवाण क्षेत्र में कथित धर्म परिवर्तन के आरोपों को लेकर माहौल गरमा गया है। रविवार को थाना घुमारवीं में दी गई शिकायत के बाद सोमवार को बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, विश्व हिंदू परिषद तथा अन्य हिंदू संगठनों के प्रतिनिधि कार्रवाई की मांग को लेकर सामने आए।
लोगों ने थाने में शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। रविवार शाम को थाना घुमारवीं में दर्ज शिकायत के बाद यह मामला सोशल मीडिया से लेकर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। सोमवार को विभिन्न संगठनों और ग्रामीणों ने थाना पहुंचकर आरोप लगाया कि क्षेत्र में पैसों का लालच देकर धर्म परिवर्तन करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
शिकायतकर्ता संदीप कुमार ने बताया कि वह रविवार दोपहर अपने निजी कार्य से भ्यानू पीर मंदिर के समीप स्थित स्टोर में गया था। इसी दौरान एक गाड़ी वहां आकर रुकी, जिसमें तीन महिलाएं और तीन पुरुष सवार थे। संदीप का आरोप है कि उनमें से एक व्यक्ति उसका परिचित था, जबकि अन्य लोगों को वह नहीं जानता था। आरोप के अनुसार उक्त लोगों ने उसे परिवार सहित धर्म परिवर्तन के बदले पांच लाख रुपए देने का प्रस्ताव रखा। साथ ही प्रतिमाह पांच हजार रुपए तथा मुफ्त इलाज की सुविधा देने की बात भी कही।
संदीप का आरोप है कि संबंधित लोग हिंदू धर्म के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे थे। जब उसने प्रस्ताव ठुकरा दिया तो उसके साथ गाली-गलौज की गई। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →