Himachal Pradesh: अनाथ बच्चों की दीपावली में शामिल हुए CM सुक्खू, बोले- ये मेरा परिवार
बच्चों के बीच पहुंचे सुखविंद्र सुक्खू, मिठाइयां बांटीं और पटाखे जलाए; शिक्षा से लेकर घर और विवाह तक का खर्च उठा रही सरकार
Babushahi Bureau
शिमला, 9 नवंबर: 2026: दीपावली की खुशियां अपनों के साथ मनाने की परंपरा के बीच मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने मशोबरा के बालिका आश्रम में रह रही छात्राओं के साथ त्योहार मनाकर सामाजिक सरोकार का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं, उन्हें मिठाइयां, फल और पटाखे बांटे तथा खुद भी उनके साथ पटाखे जलाए।
इस दौरान मुख्यमंत्री का जोर सिर्फ त्योहार की खुशियां बांटने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने इन बच्चों को भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार उनके लिए माता-पिता दोनों की भूमिका निभाने के संकल्प के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ उनके अपने परिवार का हिस्सा हैं और इनके भविष्य की जिम्मेदारी सरकार पूरी गंभीरता से निभा रही है।
माता-पिता की कमी महसूस न हो, इसलिए सरकार उठा रही जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाल देखभाल संस्थानों में रह रहे बच्चों की जरूरतों, समस्याओं और अपेक्षाओं को समझने के लिए वह समय-समय पर उनसे मिलने पहुंचते हैं। इन मुलाकातों का मकसद केवल औपचारिक संवाद नहीं, बल्कि बच्चों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लेना और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करना है।
उन्होंने बच्चों को आश्वस्त किया कि उनके कल्याण और बेहतर भविष्य के लिए सरकार के पास पर्याप्त वित्तीय संसाधन उपलब्ध हैं। सरकार बच्चों की शिक्षा का पूरा खर्च उठा रही है। इसके साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है। भविष्य में घर बनाने और विवाह से जुड़े खर्चों के लिए भी सरकार मदद उपलब्ध करवा रही है।
छात्रावासों के निर्माण पर 20 करोड़ रुपये जारी
बाल देखभाल संस्थानों में रहने वाले बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सरकार ने छात्रावासों के निर्माण की दिशा में भी कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि इन संस्थानों में छात्रावासों के निर्माण के लिए 20 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ का दर्जा देने के बाद सरकार ने इन बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा, आवास और सर्वांगीण विकास को अपनी जिम्मेदारी माना है। सरकार की कोशिश है कि किसी भी बच्चे को आर्थिक अभाव के कारण शिक्षा, बेहतर जीवन और आगे बढ़ने के अवसरों से वंचित न रहना पड़े।
बच्चों को दिया मेहनत और अच्छे संस्कारों का संदेश
मुख्यमंत्री ने बच्चों से मन लगाकर पढ़ाई करने, अच्छे संस्कार अपनाने और जीवन में कड़ी मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बच्चे भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनें और अपनी उपलब्धियों से हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि सरकार आगे भी उनकी आवश्यकताओं का ध्यान रखेगी। बच्चों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं और उनके कल्याण से जुड़े कार्यों की वह स्वयं नियमित निगरानी करते हैं।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजी दीपावली
इस अवसर पर मशोबरा बालिका आश्रम की छात्राओं ने मुख्यमंत्री के सम्मान में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। बच्चों के बीच मुख्यमंत्री की मौजूदगी ने दीपावली के आयोजन को पारिवारिक माहौल दिया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, महाधिवक्ता अनूप रतन, उपायुक्त अनुपम कश्यप सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →