Himachal Cloud Burst: NH 03 Blocked : चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर बादल फटे; टकोली और पनारसा में हालात खराब, जगह-जगह भूस्खलन और बाढ़ से हाइवे अवरुद्ध
बाबूशाही ब्यूरो
कुल्लू/मंडी, 17 अगस्त 2025 :
चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे यातायात के लिए फिर से बंद हो गया है। मंडी से पनारसा तक अनेकों स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं होने से हाईवे बंद हो गया है। यहां ऊपरी क्षेत्रों में बादल फटने से हाइवे पर फ्लड और बाढ़ जैसी स्थिति हो गई है।
वहीं रात भर से लगातार जारी बारिश की वजह से कुल्लू मंडी के वैकल्पिक मार्ग वाया कटौला को भी बंद कर दिया गया है। नाै मील, जागर नाला, पंडोह डैम के पास कैंची मोड़, दयोड़, जोगणी माता मंदिर, दवाड़ा फ्लाईओवर, झलोगी और शनि मंदिर क्षेत्र में भूस्खलन हुआ है।
कुछ स्थानों पर नालों का पानी व मलबा हाईवे पर बह रहा है। हाईवे बंद होने के कारण बड़ी संख्या में वाहन और लोग फंसे रहे। अभी बारिश का दौर लगातार जारी है जिसके चलते मलबा हटाने का कार्य शुरू नहीं किया जा सका है। जैसे ही बारिश थमेगी तो उसके बाद ही मलबा हटाने का कार्य शुरू होगा। मंडी जिले में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश का कहर देखने को मिल रहा है।
हालांकि, बारिश रुक-रुक कर हो रही है लेकिन इससे हाईवे पर भूस्खलन की घटनाएं लगातार हो रही हैं।
कई भागों में 22 अगस्त तक जारी रहेगी बारिश
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से राज्य के कई भागों में 22 अगस्त तक बारिश का दाैर जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। 16 से 19 अगस्त तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। बीती रात को श्रीनयना देवी में 160.6, पालमपुर 101.4, पंडोह 72.4, मंडी 62.4, कोठी 48.2, मालरांव 35.0, जोगिंद्रनगर 32.0, धर्मशाला 28.4, करसोग 28.2, सराहन 28.0, बिलासपुर 25.8 व नाहन में 22.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मानसून में अब तक 261 लोगों की गई जान
प्रदेश में इस मानसून सीजन में 20 जून से 16 अगस्त तक 261 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। 332 लोग घायल हुए हैं। 37 लोग अभी भी लापता हैं। इस दाैरान 124 लोगों की सड़क हादसों में माैत हुई है। बादल फटने, भूस्खलन, बाढ़ से अब तक 2,745 कच्चे-पक्के घरों, दुकानों को क्षति हुई है। 2,174 गोशालाएं भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। 1,626 पालतु पशुओं की माैत हुई है। नुकसान का कुल आंकड़ा 2,14,457.10 लाख रुपये पहुंच गया है।
पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आने से दो श्रद्धालुओं की माैत
किन्नौर के युला कंडा में पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आने से दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई। दोनों श्रद्धालु जन्माष्टमी पर श्रीकृष्ण मंदिर युला कंडा के दर्शन के लिए जा रहे थे। मृतक दंपती दिल्ली का रहने वाला था। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की रेस्क्यू टीम मौके के लिए रवाना हुई। हादसे की सूचना युला पंचायत की प्रधान अंजू ने पुलिस थाना टापरी को दी। प्रधान ने कहा कि इस हादसे में एक महिला और एक पुरुष की माैत हो गई है। अभी तक उनकी पहचान नहीं हो पाई है। इस घटना की सूचना मिलने के बाद गांव के लोग भी मदद के लिए घटना स्थल पर पहुंचे। (SBP)
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →