'मेरी बेटी से मांगी गई न्यूड फोटो...' Akshay Kumar ने किया चौंकाने वाला खुलासा, पढ़ें क्या है पूरा मामला
Babushahi Bureau
मुंबई, 3 अक्टूबर, 2025 : बॉलीवुड के 'खिलाड़ी' अक्षय कुमार (Akshay Kumar) ने शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना का खुलासा किया। बता दे कि अक्षय कुमार की 13 साल की बेटी नितारा ऑनलाइन गेमिंग के दौरान शिकार होते-होते बची। दरअसल मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र सरकार द्वारा आयोजित 'साइबर जागरूकता माह 2025' के उद्घाटन समारोह में बोलते हुए, अक्षय कुमार ने अपनी बेटी के साथ हुई इस घटना को साझा किया और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई।
इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, DGP रश्मि शुक्ला और अभिनेत्री रानी मुखर्जी भी मौजूद थीं।
ऑनलाइन गेम में बेटी के साथ क्या हुआ?
अक्षय कुमार ने उस भयावह घटना को विस्तार से बताते हुए कहा:
1. अजनबी से बातचीत: "मेरी बेटी एक ऑनलाइन वीडियो गेम खेल रही थी, जिसे आप किसी अजनबी के साथ भी खेल सकते हैं। शुरुआत में सामने वाले ने बहुत विनम्रता से मैसेज किए, जैसे 'अच्छा खेल रही हो'। उसने पूछा कि आप कहां से हैं, तो बेटी ने बताया मुंबई। फिर पूछा कि मेल हो या फीमेल, तो उसने फीमेल बताया।"
2. अश्लील तस्वीर की मांग: अक्षय ने बताया, "कुछ देर सब सामान्य रहा, लेकिन फिर अचानक उस शख्स ने मैसेज भेजा, 'क्या तुम मुझे अपनी न्यूड तस्वीरें भेज सकती हो?'"
3. बेटी ने दिखाई समझदारी: "यह सुनते ही मेरी बेटी ने तुरंत गेम बंद कर दिया और दौड़कर अपनी मां (ट्विंकल खन्ना) को सब कुछ बता दिया। Akshay Kumar ने कहा इस तरह से ये चीजें शुरू होती हैं। यह भी साइबर क्राइम का एक हिस्सा है।"
CM से की स्कूलों में 'साइबर पीरियड' की मांग
इस घटना से चिंतित अक्षय कुमार ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से एक महत्वपूर्ण अपील की। उन्होंने कहा, "मैं मुख्यमंत्री से अनुरोध करूंगा कि महाराष्ट्र के स्कूलों में सातवीं से दसवीं कक्षा तक हर हफ्ते एक 'साइबर पीरियड' होना चाहिए, जहां बच्चों को इन खतरों के बारे में समझाया जाए।"
अक्षय ने जोर देकर कहा, "यह अपराध स्ट्रीट क्राइम से भी बड़ा होता जा रहा है और इसे रोकना बहुत जरूरी है।" यह अच्छा हुआ कि उनकी बेटी ने यह बात तुरंत अपनी मां को बताई, लेकिन कई मामलों में बच्चे डर के मारे ऐसा नहीं कर पाते और ब्लैकमेलिंग जैसे गंभीर अपराधों का शिकार हो जाते हैं। यह घटना इस बात का प्रमाण है कि डिजिटल दुनिया में हमारे बच्चे कितने असुरक्षित हैं और उन्हें जागरूक करना कितना आवश्यक है।
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →