Himachal Visually Impaired Girl to Perform in Goa : गोवा अंतरराष्ट्रीय पर्पल फेस्ट में दृष्टिबाधित गायिका मुस्कान की प्रस्तुति 10 को
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 07 अक्टूबर 2025 : गोवा में हो रहे तीसरे अंतरराष्ट्रीय पर्पल फेस्ट में राजकीय कन्या महाविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर और विख्यात दृष्टिबाधित गायिका मुस्कान नेगी प्रस्तुति देंगी। उन्हें विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।
वह भारतीय चुनाव आयोग की यूथ आइकॉन और उमंग फाउंडेशन की ब्रांड एम्बेसडर भी हैं। उन्हें राष्ट्रीय और राज्य स्तर के अनेक पुरस्कार मिले हैं। उन्होंने भारत के विभिन्न राज्यों के अलावा अमेरिका में भी अपने गीतों की प्रस्तुति दी है।
संयुक्त राष्ट्र, गोवा सरकार और केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा दिव्यांगजनों के अधिकारों और क्षमताओं पर जागरूकता लाने एवं उनके सशक्तिकरण की नीतियों पर चर्चा के लिए गोवा में 9 से 12 अक्टूबर तक यह तीसरा अंतरराष्ट्रीय पर्पल फेस्ट हो रहा है।
उमंग फाउंडेशन के अध्यक्ष अजय श्रीवास्तव ने बताया कि मुस्कान नेगी की गीत प्रस्तुति 10 अक्टूबर को होगी। उन्होंने बताया कि दिव्यांगता पर केंद्रित इस अंतरराष्ट्रीय महोत्सव में इस वर्ष 25 देश भागीदारी करेंगे। पिछले गोवा पर्पल फेस्ट में 23,500 लोगों ने भागीदारी की थी।
इस महोत्सव में दिव्यांगों के अधिकारों और क्षमताओं पर विभिन्न कार्यक्रम होंगे। इनमें भारतीय एवं विदेशी दिव्यांगता विशेषज्ञों के बीच संवाद, दिव्यांगजनों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और खेल प्रतियोगिताएं शामिल हैं।
अजय श्रीवास्तव ने कहा कि यह बहुत गौरव की बात है कि अत्यंत प्रतिभा संपन्न दृष्टिबाधित गायिका और असिस्टेंट प्रोफेसर मुस्कान नेगी को एक बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर हिमाचल का नाम रोशन करने का अवसर मिलेगा। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →