Himachal Accident : सड़क हादसा में युवक-युवती की मौत, बस से टकराई स्कूटी
बाबूशाही ब्यूरो
कुल्लू : 26 अगस्त 2026 : चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर डोहलूनाला के पास मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक और युवती की मौत हो गई। दोनों मनाली की ओर जा रहे थे, इसी दौरान सामने से आ रही निजी बस से उनकी स्कूटी की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा रात करीब पौने दस बजे हुआ।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में स्कूटी चालक कशिश सिहली निवासी तहसील सुंदरनगर, जिला मंडी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, स्कूटी पर पीछे बैठे आदित्य पुत्र पवन कुमार निवासी त्रिफालघाट, जिला मंडी को गंभीर हालत में क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है और मामले में प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।
एसपी कुल्लू अभिषेक सेकर ने हादसे की पुष्टि की है। पुलिस बस चालक समेत अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →