Punjab Weather : पंजाब में कल से बदल जाएगा मौसम, इन जिलों में बारिश-तूफान की चेतावनी
Babushahi Bureau
चंडीगढ़, 21 जनवरी: पंजाब और चंडीगढ़ के निवासियों को आज फिर घने कोहरे का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए बड़ी चेतावनी जारी की है। गुरुवार से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा और 23 जनवरी तक राज्य में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने 'येलो अलर्ट' जारी कर दिया है।
7 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार आज (21 जनवरी) पंजाब के 7 प्रमुख जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा। इनमें अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, कपूरथला, संगरूर, पटियाला और फतेहगढ़ साहिब शामिल हैं। कोहरे का असर विजिबिलिटी पर भी पड़ा है; अमृतसर में विजिबिलिटी 50 मीटर और बठिंडा में 100 मीटर दर्ज की गई है। बाकी जगहों पर फिलहाल मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है।
पश्चिमी विक्षोभ लाएगा बारिश और आंधी
आज रात से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया और ताकतवर पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव के कारण 22 से 24 जनवरी के बीच मौसम बदलेगा। उत्तरी पंजाब के जिलों जैसे पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, तरनतारन, जालंधर और कपूरथला में बारिश हो सकती है। इसके अलावा पटियाला और नवांशहर में भी बादल बरस सकते हैं। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है।
तापमान का हाल
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है, जो कि सामान्य से 5.4 डिग्री ज्यादा है। भाखड़ा डैम पर सबसे ज्यादा तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अमृतसर में रात सबसे ठंडी रही, जहां न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री रहा।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →