Himachal Pradesh: Air Vice Marshal: हमीरपुर के बेटे ने रचा इतिहास: एयर कमोडोर भूपेंद्र सिंह कंवर बने एयर वाइस मार्शल, प्रदेश में खुशी की लहर
ढोह गांव से निकलकर वायुसेना के शीर्ष पदों तक पहुंचे, 34 वर्षों की उत्कृष्ट सेवा का मिला सम्मान
बाबूशाही ब्यूरो
हमीरपुर, 28 अप्रैल, 2026 : हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के ढोह गांव से संबंध रखने वाले भारतीय वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारी एयर कमोडोर भूपेंद्र सिंह कंवर को पदोन्नत कर एयर वाइस मार्शल बनाया गया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल हमीरपुर बल्कि पूरे प्रदेश में खुशी और गर्व का माहौल है।
एयर वाइस मार्शल भूपेंद्र सिंह कंवर 13 अप्रैल 2026 को असिस्टेंट चीफ ऑफ एयर स्टाफ (पर्सनल एंड सिविलियन्स) का महत्वपूर्ण पदभार संभाल चुके हैं। लगभग 34 वर्षों की समर्पित और उत्कृष्ट सेवा के बाद यह पदोन्नति उनके शानदार करियर का महत्वपूर्ण पड़ाव मानी जा रही है।
विशेष बात यह है कि वह सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा से एयर कमोडोर बनने वाले पहले अधिकारी रहे और अब एयर वाइस मार्शल बनने वाले भी पहले अधिकारी बनकर उन्होंने नया इतिहास रच दिया है।
ढोह गांव में जन्मे कंवर ने प्रारंभिक शिक्षा कंजियांण और ऊना में प्राप्त की। वर्ष 1981 में उन्होंने सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा में प्रवेश लिया और आगे बढ़ते हुए 1987 में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के 78वें कोर्स में चयनित हुए। दिसंबर 1991 में उन्हें भारतीय वायुसेना की फ्लाइंग नेविगेशन शाखा में कमीशन प्राप्त हुआ।
अपने लंबे सेवा काल में उन्होंने एचएस-748 एव्रो, एएन-32 और आईएल-76 जैसे विमानों पर 4000 से अधिक उड़ान घंटे पूरे किए हैं। प्रारंभिक वर्षों में ही उनकी प्रतिभा के चलते उन्हें क्वालिफाइड नेविगेशन इंस्ट्रक्टर कोर्स के लिए चुना गया और बाद में एयरक्रू एग्जामिनिंग बोर्ड में देश के सबसे युवा परीक्षकों में शामिल होने का गौरव प्राप्त हुआ।
उन्होंने डायरेक्टोरेट ऑफ एयर स्टाफ इंस्पेक्शन में निरीक्षक के रूप में वायुसेना की परिचालन क्षमता को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा चीफ नेविगेशन इंस्ट्रक्टर, नेविगेशन ट्रेनिंग स्कूल के कमांडिंग ऑफिसर तथा दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र के एक ऑपरेशनल एयर डिफेंस बेस के कमांडर के रूप में भी सफल नेतृत्व किया।
कंवर ने कर्नाटक और गोवा में उप महानिदेशक एनसीसी के रूप में लगभग 95 हजार कैडेट्स के प्रशिक्षण का दायित्व संभाला। वहीं एयर फोर्स रिकॉर्ड्स ऑफिस का नेतृत्व करते हुए मानव संसाधन प्रबंधन में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
वे डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज वेलिंगटन के स्नातक हैं और वहां डायरेक्टिंग स्टाफ के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने कॉलेज ऑफ डिफेंस मैनेजमेंट और भारतीय लोक प्रशासन संस्थान से उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त किया है।
उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों में बीएससी, एमएससी, एमफिल (रक्षा एवं सामरिक अध्ययन), मास्टर ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज, एमफिल (लोक प्रशासन) तथा सूचना प्रौद्योगिकी में डिप्लोमा शामिल हैं।
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें एओसी-इन-सी प्रशंसा, चीफ ऑफ एयर स्टाफ प्रशंसा तथा विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया जा चुका है।
क्षेत्र के लोगों ने उनकी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि भूपेंद्र सिंह कंवर ने अपने अनुशासन, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा से पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण है, जो यह संदेश देती है कि कड़ी मेहनत और देशसेवा के जज्बे से कोई भी ऊंचाइयों को छू सकता है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →