Himachal ULB Election: शहरी निकाय चुनाव को लेकर चुनाव आयोग तैयार, 17 मई को सुबह 7 बजे से 3 बजे तक होगा मतदान
राज्य के सभी 585 बूथों में 2340 कर्मचारी होंगे तैनात
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 15 मई 2026 :
हिमाचल प्रदेश में शहरी निकाय के चुनाव को लेकर चुनाव आयोग पूरी तरह से तैयार है। 16 मई शाम राज्य के सभी शहरी निकायों के 585 बूथों में चुनाव को लेकर मतदान टीमें पहुंच जाएगी। रविवार 17 मई को सुबह 7 बजे से शाम तीन बजे तक मतदान प्रक्रिया सम्पन्न होगी।
शहरी निकाय के चुनाव को लेकर चुनाव प्रचार अब बंद हो चुका है और ऐसे में चुनाव क्षेत्र के 100 मीटर की दूरी तक किसी भी प्रकार के झंडे और पोस्टर लगाने सहित किसी भी मतदाता को प्रभावित करने या वोट मांगने पर पूरी तरह से मनाही है। शहरी निकाय के चुनाव को लेकर 585 बूथों में 2340 कर्मचारी अपनी सेवाएं देंगे, वहीं इस दौरान 1170 पुलिस के जवान पोलिंग पार्टी के साथ मौजूद रहेंगे।
राज्य के प्रत्येक मतदान केंद्र में 4 मतदान कर्मियों के साथ दो दो पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। हालांकि संवेदनशील बुथों में अतिरिक्त पुलिस कर्मी भी तैनात किए जाएंगे। राज्य के 51 शहरी निकाय के चुनाव को लेकर कुल 1147 उम्मीदवार चुनाव मैदान में चुनाव लडऩे के लिए तैयार हैं। 51 निकायों में 439 पदों के लिए ही यह चुनाव होंगे। शहरी निकाय के चुनाव में कुल 195 महिला उम्मीदवार इस बार चुनाव मैदान में है। राज्य के 4 नगर निगमों सहित 25 नगर परिषद और 22 नगर पंचायतों में यह चुनाव प्रक्रिया 17 मई को सम्पन्न की जाएगी।
चुनाव क्षेत्रों में चुनाव प्रचार रहेगा बंद
राज्य में मतदान प्रक्रिया समाप्त होने तक संबंधित क्षेत्रों में चुनाव प्रचार पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान किसी भी प्रकार की सार्वजनिक सभा, जुलूस, नुक्कड़ सभा, मनोरंजन कार्यक्रम अथवा मतदाताओं को प्रभावित करने वाली गतिविधियों की अनुमति नहीं होगी। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →