HP Panchayat Election: 31 मई को होगी ब्लॉक समिति एवं जिला परिषद की मतगणना
बाबूशाही ब्यूरो
कुल्लू : 29 मई 2026 : ज़िला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त कुल्लू अनुराग चन्द्र शर्मा ने बताया कि ब्लॉक समिति और जिला परिषद की मतगणना 31 मई को जिला के पांच स्थानों पर आयोजित की जाएगी। मतगणना प्रातः 9 बजे आरम्भ होगी।
उन्होंने बताया कि मतगणना के लिये मतगणना अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है। विकास खंड कुल्लू की मतगणना राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला खोरी रोपा में होगी, जहां 20 टेबल स्थापित किए जाएंगे। विकास खंड भुंतर के लिये मतगणना केंद्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भुंतर बनाया गया है, जहां 12 टेबल लगाए जाएंगे।
उपायुक्त ने बताया कि विकास खंड बंजार की मतगणना अम्बेडकर भवन बंजार में होगी तथा यहां 15 टेबल लगाए गए हैं। विकास खंड आनी की मतगणना राजकीय महाविद्यालय आनी में होगी, जहां 15 टेबल स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि विकास खंड निरमंड की मतगणना राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान निरमंड में होगी तथा मतगणना के लिये 15 टेबल स्थापित किए गए हैं। विकास खंड नग्गर की मतगणना तिब्बतियन स्कूल पतलीकूहल में होगी और इसके लिये 21 टेबल लगाये जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि मतगणना की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिये मतगणना की वेबकास्टिंग भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि मतगणना के लिये पर्याप्त स्टाफ के साथ-साथ रिज़र्व स्टाफ की भी तैनाती की गई है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →