Himachal Panchayat Election Live: हिमाचल में दूसरे चरण का मतदान शुरू, वोटिंग के लिए कतारों में लगे लोग; युवाओं और बुजुर्गों में भारी उत्साह
बाबूशाही टीम
हिमाचल प्रदेश: 28 मई 2026 :
हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव 2026 के दूसरे चरण के लिए मतदान शुरू हो गया है। तय समय के मुताबिक वोटिंग सुबह 7 बजे से शुरू होकर दोपहर 3 बजे तक चलेगी। दूसरे चरण में राज्य की 1276 पंचायतों में मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
भाजपा विधायक डॉ. जनक राज ने किया मतदान
भरमौर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक डॉ. जनक राज भी अपनी पत्नी के साथ मतदान केंद्र पहुंच कर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मतदान करने के बाद जनकराज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तस्वीर साझा करते हुए लिखा है कि आज अपनी ग्राम पंचायत में जिम्मेवारी का निर्वहन किया। पूर्ण मतदान मजबूत लोकतंत्र।
आंखों की रोशनी न होने के बावजूद पड़ोसी के साथ वोट डालने पहुंचे बुजुर्ग दौलत राम
हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव का उत्साह देखते ही बन रहा है। जिला शिमला में आंखों की रोशनी न होने के बावजूद मल्याणा पंचायत पहुंचे बुजुर्ग दौलत राम। दौलत राम शुराला के रहने वाले हैं। अपने पड़ोसी भीम के साथ वोट डालने आए हैं। उन्होंने बताया कि वोट डालना जरूरी है। गांव के विकास के लिए वोट जरूरी है। सशक्त उम्मीदवार को ही अपना वोट डाला है।
जिला शिमला में दूसरे चरण के पंचायत चुनाव में सुबह 9 बजे तक 21 फीसदी मतदान हुआ
जिला शिमला में दूसरे चरण के पंचायत चुनाव में सुबह 9 बजे तक 21 फीसदी वोटिंग हो गई है। भारी संख्या में युवा और बुजुर्ग मतदाता चुनाव में वोट डालने आ रहे हैं। ऐसे में इसमें ओर कुछ देर ओर अधिक बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
बिलासपुर में दूसरे चरण का मतदान शुरू, 1 लाख 8 हजार से अधिक मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग
बिलासपुर जिले में पंचायती राज संस्थाओं के दूसरे चरण के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई। जिले की 62 ग्राम पंचायतों में कुल 1 लाख 8 हजार 369 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 54 हजार 402 पुरुष तथा 53 हजार 967 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान दोपहर 3 बजे तक चलेगा। जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि दूसरे चरण के मतदान के लिए प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले में कुल 386 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें 271 सामान्य, 77 संवेदनशील तथा 38 अति संवेदनशील मतदान केंद्र शामिल हैं। सभी संवेदनशील और अति संवेदनशील केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।
उन्होंने बताया कि 62 ग्राम पंचायतों के मतों की गणना के लिए 62 मतगणना केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें 14 मतगणना केंद्र संवेदनशील तथा 17 अति संवेदनशील श्रेणी में रखे गए हैं। ग्राम पंचायतों के मतों की गणना मतदान समाप्त होने के बाद की जाएगी, जबकि पंचायत समिति और जिला परिषद के मतों की गणना 31 मई को निर्धारित मतगणना स्थलों पर होगी। उपायुक्त राहुल कुमार ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि मतदाता बिना किसी भय या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करें। मतदान केंद्र पर जाते समय निर्वाचन आयोग द्वारा जारी एपिक कार्ड अथवा कोई वैध पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट या पैन कार्ड साथ लेकर जाएं।
उन्होंने मतदाताओं से मतदान केंद्रों पर शांति एवं अनुशासन बनाए रखने तथा महिला, दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं का सहयोग करने की भी अपील की। गर्मी को देखते हुए मतदाताओं को अपने साथ पानी और छाता रखने की सलाह दी गई है। उपायुक्त ने कहा कि मतदान की गोपनीयता बनाए रखना प्रत्येक मतदाता की जिम्मेदारी है। बैलेट पेपर पर केवल निर्धारित चुनाव चिन्ह पर ही मुहर लगाएं तथा किसी भी प्रकार से मतदान की गोपनीयता भंग न करें। बैलेट पेपर की फोटो खींचना या किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर मतदान करना दंडनीय अपराध है।
मंडी में दूसरे चरण के लिए मतदान शुरू, 196 पंचायतों में सुबह से मतदान को लेकर उत्साह
मंडी जिले में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के दूसरे चरण के लिए वीरवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया। दूसरे चरण में जिले की 196 ग्राम पंचायतों में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। सुबह से ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर लोगों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं में मतदान को लेकर खासा उत्साह नजर आया। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग सुबह जल्दी मतदान केंद्रों तक पहुंचे। कई स्थानों पर पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे मतदाताओं ने लोकतंत्र के इस पर्व में भागीदारी निभाई। मतदान केंद्रों के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →