Himachal: मनाली से फिर जुड़ी चंबा की किलाड़ घाटी, बीआरओ की मुस्तैदी से मिली बड़ी राहत, जाहलमा नाले में वैकल्पिक सड़क तैयार
छोटे वाहनों के लिए मनाली-किलाड़ मार्ग बहाल, लोगों ने ली राहत की सांस
Babushahi Bureau
मनाली/केलांग: 28 मई 2026 : सीमावर्ती और दुर्गम पांगी घाटी के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने लाहौल क्षेत्र के जाहलमा नाले में वैकल्पिक सड़क का निर्माण कर छोटे वाहनों के लिए चम्बा जिला की किलाड़ घाटी को मनाली से जोड़ दिया है। मार्ग बहाल होने के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।
जानकारी के अनुसार हाल ही में यहां बड़े स्तर पर भूस्खलन के चलते भारी भरकम चट्टानें गिर गई थीं, जिसकी वजह से पुल का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। इससे पांगी घाटी का संपर्क मनाली की ओर से बाधित हो गया था। सड़क बंद होने से स्थानीय लोगों, मरीजों और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति पर भी असर पड़ रहा था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बीआरओ की टीमों ने युद्धस्तर पर कार्य शुरू किया। लगातार कई घंटों की मेहनत के बाद जाहलमा नाले में अस्थायी वैकल्पिक सड़क तैयार की गई, जिससे अब छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है।
हालांकि बड़े और भारी वाहनों के लिए अभी भी आवाजाही पूरी तरह सुरक्षित नहीं मानी जा रही।
स्थानीय लोगों ने बीआरओ के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि दुर्गम परिस्थितियों में भी संगठन ने तेजी से कार्य कर संपर्क बहाल किया है। मार्ग खुलने से अब पांगी घाटी के लोगों को मनाली और कुल्लू की ओर आने-जाने में काफी राहत मिलेगी।
बीआरओ अधिकारियों के अनुसार मार्ग को स्थायी रूप से सुरक्षित बनाने के लिए आगे भी कार्य जारी रहेगा। साथ ही यात्रियों से अपील की गई है कि पहाड़ी मार्गों पर सावधानी बरतें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
गौरतलब है कि पांगी घाटी का संपर्क अक्सर मौसम खराब होने और भूस्खलन के कारण प्रभावित होता रहता है। ऐसे में मनाली मार्ग का बहाल होना क्षेत्र के लोगों के लिए जीवनरेखा साबित होता है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →