HP Tourism : Rohtang Pass : रोहतांग जाने के लिए परमिट जरूरी, बिना इजाजत प्रवेश करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
बाबूशाही ब्यूरो
मनाली : 09 जून 2026 :
कोकसर से रोहतांग पास की ओर जाने के इच्छुक पर्यटकों एवं आम नागरिकों के लिए परमिट प्राप्त करना अनिवार्य है। यह जानकारी जिला पर्यटन विकास अधिकारी लाहुल-स्पीति कुनिका एकर्स ने दी। उन्होंने कहा कि राष्टीय हरित प्राधिकरण द्वारा रोहतांग पास जाने वाले वाहनों की प्रतिदिन संख्या 1200 निर्धारित की गई है, जिसका सभी पर्यटकों एवं वाहन चालकों को पालन करना होगा।
पर्यावरण संरक्षण एवं यातायात प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए रोहतांग पास जाने के लिए निर्धारित संख्या के अनुसार ही वाहनों को अनुमति प्रदान की जा रही है। ऐसे में बिना वैध परमिट के किसी भी वाहन को रोहतांग पास की ओर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई पर्यटक या आमजन बिना परमिट के कोकसर अथवा गुलाबा की ओर से रोहतांग पास जाने का प्रयास करता है, तो उसे संबंधित पुलिस चैक पोस्ट पर ही रोक दिया जाएगा।
उन्होंने सभी पर्यटकों एवं वाहन चालकों से आग्रह किया कि वे अपनी यात्रा की पूर्व योजना बनाते हुए निर्धारित वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर परमिट प्राप्त करें। परमिट जारी होने के उपरांत ही रोहतांग पास की यात्रा के लिए प्रस्थान करें। जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने कहा कि ऑनलाइन परमिट प्रणाली का उद्देश्य पर्यटकों को सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा सुविधा प्रदान करना तथा रोहतांग क्षेत्र में वाहनों की संख्या को नियंत्रित रखना है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →