Himachal Pradesh: नशे के फैमिली बिजनैस का पर्दाफाश; बहन और जीजा संग मिलकर चिट्टा बेच रही थी युवती, पुलिस ने रंगे हाथों किया गिरफ्तार
बाबूशाही ब्यूरो
नूरपुर (कांगड़ा) 23 जून 2026 : हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इस कड़ी में सीआईए नूरपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने थाना इंदौरा के अंतर्गत मिलवां के गांव तमोता में एक सटीक गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक ही परिवार के तीन सदस्यों को 39.14 ग्राम चिट्टे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। यह परिवार अपने घर से ही नशे का यह अवैध नैटवर्क चला रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सीआईए नूरपुर की टीम इलाके में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान ठाकुरद्वारा-मिलवां सड़क पर स्थित तमोता रेलवे फाटक के पास पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली कि गांव तमोता की रहने वाली एक युवती, अपनी सगी बहन और जीजा के साथ मिलकर इलाके में चिट्टा सप्लाई करने का काम कर रही है।
सूचना के पुख्ता होते ही पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। स्थानीय गवाहों को साथ लेकर पुलिस टीम ने सीधे संबंधित मकान पर दबिश दी। घर की सघन तलाशी लेने पर पुलिस को वहां से 39.14 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से ही नशीले पदार्थ को जब्त कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कल्पना उर्फ कप्पू (27) निवासी गांव तमोता, गुलफाम उर्फ रीता (32) और पवन कुमार (36) निवासी गांव बलागन, तहसील दसूहा, जिला होशियारपुर (पंजाब) के रूप में की गई है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →