Himachal: PWD के कार्यों का एक क्लिक पर मिलेगा लेखा-जोखा, सरकार ने लागू किया वर्क्स एंड अकाउंट्स मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन सिस्टम
जेई को हर माह एक हजार रुपए भत्ता देने की अधिसूचना जारी
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 27 जुलाई 2026 :
हिमाचल में लोक निर्माण विभाग के तहत होने वाले विकास कार्यों का लेखा-जोखा अब एक क्लिक पर मिल सकेगा। राज्य सरकार ने वर्क्स एंड अकाउंट्स मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन सिस्टम (वामिस) को लागू कर दिया है।
इसके लिए राज्य के फील्ड में तैनात 900 कनिष्ठ अभियंताओं (जेई)को राज्य सरकार एक हजार रुपए प्रतिमाह भत्ता भी देगी। लोक निर्माण विभाग के प्रधान सचिव ने इसको लेकर अधिसूचना भी जारी कर दी है। प्रदेश मंत्रिमंडल की हाल ही में हुई बैठक में लोक निर्माण विभाग में वामिस लागू करने और इसके लिए प्रदेश के 900 जेई को एक हजार रुपए मासिक भत्ता देने का फैसला लिया है।
कैबिनेट के इस फैसले के बाद अब राज्य सरकार ने लोक निर्माण विभाग में इस व्यवस्था को लागू करने की अधिसूचना भी जारी कर दी है। लोक निर्माण विभाग का कहना है कि वामिस प्रणाली का उद्देश्य विभाग के सभी निर्माण कार्यों को एकीकृत डिजिटल मंच पर लाना है।
इसके माध्यम से सड़क, पुल, भवन और अन्य विकास कार्यों की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन दर्ज होगी। इस प्रणाली में सबसे महत्त्वपूर्ण जिम्मेदारी फील्ड में तैनात जूनियर इंजीनियरों की होगी। उन्हें निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने के साथ-साथ माप पुस्तिका तैयार करनी होगी, कार्य की प्रगति को नियमित रूप से प्रणाली में अपलोड करना होगा, तकनीकी विवरण दर्ज करना होगा और ठेकेदारों के बिलों के सत्यापन के लिए आवश्यक सूचनाएं ऑनलाइन उपलब्ध करानी होंगी। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →