Himachal : Kullu JE Murder Case : कनिष्ठ अभियंता हत्याकांड में चार लोगों से पूछताछ, एसआईटी कर रही गहन जांच
बाबूशाही ब्यूरो
कुल्लू : 29 जुलाई 2026 : जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता लाभ सिंह गुलेरिया हत्याकांड की जांच में पुलिस ने तेजी लाते हुए चार लोगों को पूछताछ के लिए तलब किया है। हालांकि पुलिस ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि पूछताछ के लिए बुलाए गए लोग सीधे तौर पर हत्या में शामिल हैं या नहीं।
मामले की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक मदनलाल कौशल ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव चौहान के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। एसआईटी बुधवार को चार लोगों से गहन पूछताछ कर रही है।
एसपी मदनलाल कौशल ने बताया कि कुछ लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है और उनसे विस्तृत पूछताछ जारी है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि इन लोगों की हत्याकांड में कोई भूमिका है या नहीं।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले जिला मुख्यालय के गांधीनगर स्थित जल शक्ति विभाग कार्यालय में तैनात कनिष्ठ अभियंता लाभ सिंह गुलेरिया के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई थी। इसके बाद उन्हें कार्यालय के समीप नाले में फेंक दिया गया था।
गंभीर हालत में उन्हें उपचार के लिए बिलासपुर स्थित एम्स में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। अब एसआईटी विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले से संबंधित अधिकृत जानकारी मीडिया के साथ साझा की जाएगी। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →