Himachal Weather Alert : हिमाचल में अगले छह दिन मानसून रहेगा सक्रिय, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; भूस्खलन और फ्लैश फ्लड का खतरा
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला: 07 अगस्त 2026 : हिमाचल प्रदेश में मानसून का असर आगामी छह दिनों तक बना रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 7 से 12 अगस्त तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की आशंका है।
इस दौरान निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, आंधी और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।
इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार कांगड़ा, बिलासपुर, सोलन, सिरमौर, शिमला, मंडी, कुल्लू और किन्नौर के कुछ क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों के दौरान भारी बारिश हो सकती है।
कांगड़ा: 7 अगस्त को एक-दो स्थानों पर भारी बारिश, 8 अगस्त को मध्यम से भारी तथा 9 और 10 अगस्त को फिर भारी बारिश की संभावना।
बिलासपुर: 7 अगस्त तक एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा का अनुमान।
सोलन: 10 अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
सिरमौर: 8 अगस्त को मध्यम से भारी तथा 9 और 10 अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना।
शिमला: 7 अगस्त को विशेष चेतावनी नहीं, लेकिन 10 अगस्त को एक-दो स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान।
मंडी और कुल्लू: 10 अगस्त को मध्यम से भारी बारिश की संभावना।
किन्नौर: 7 अगस्त को मध्यम बारिश और 10 अगस्त को मध्यम से भारी वर्षा की संभावना।
लाहौल-स्पीति: फिलहाल किसी विशेष मौसम चेतावनी की घोषणा नहीं की गई है।
भूस्खलन और फ्लैश फ्लड का खतरा
मौसम विभाग ने चेताया है कि भारी तथा मध्यम से भारी बारिश के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन, मलबा गिरने और फ्लैश फ्लड का खतरा बना रहेगा। नदी-नालों और अन्य जल निकायों का जलस्तर बढ़ सकता है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव और सड़क हादसों की आशंका भी बढ़ जाएगी।
लोगों से अपील की गई है कि वे भूस्खलन और अचानक बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों में जाने से बचें, नदी-नालों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा यात्रा के दौरान यातायात संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
तापमान में होगा उतार-चढ़ाव
अगले तीन से चार दिनों तक न्यूनतम तापमान में अधिक बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि अगले 24 घंटों में कई स्थानों पर अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इसके बाद अगले दो से तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने का अनुमान है।
अगले छह दिन कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 7, 8 और 9 अगस्त को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। इसके बाद 10, 11 और 12 अगस्त को भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में भी कई स्थानों पर वर्षा होने की संभावना है और 10 से 12 अगस्त के बीच बारिश की गतिविधियां कुछ और क्षेत्रों तक फैल सकती हैं। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →