Himachal Breaking: हिलिंग–लामू मार्ग पर भीषण हादसा, 600 मीटर गहरी खाई में गिरी कार; दो की मौके पर मौत
बाबूशाही ब्यूरो
चंबा : 06 अगस्त 2026 : जनजातीय क्षेत्र भरमौर की ग्राम पंचायत लामू में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोक निर्माण विभाग के हिलिंग–लामू सड़क मार्ग पर बुधवार रात करीब 11 बजे एक अल्टो कार (एचपी-01सी-2717) किलेरी कंध के समीप अनियंत्रित होकर लगभग 600 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
घटना की सूचना मिलते ही होली पुलिस चौकी की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों शवों को गहरी खाई से बाहर निकाला गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान सुरेश कुमार (48 वर्ष) पुत्र रंगीला राम तथा संजय कुमार (36 वर्ष) पुत्र सरवन कुमार, दोनों निवासी गांव एवं डाकघर लामू, तहसील होली, जिला चंबा के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए शवों को नागरिक अस्पताल होली भेज दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
इस दुखद हादसे पर ग्राम पंचायत लामू की प्रधान बीना देवी तथा पूर्व प्रधान लाल चंद ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →