Himachal Manimahesh Yatra : श्री मणिमहेश यात्रा-2026 की तैयारियों का उपायुक्त ने लिया जायजा, हड़सर से डल झील तक व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
श्रद्धालुओं की सुविधा और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर, छोटी पानी की बोतलों व नमकीन के छोटे पैकेटों की बिक्री पर रहेगा प्रतिबंध
बाबूशाही ब्यूरो
चंबा : 06 अगस्त 2026 : श्री मणिमहेश यात्रा-2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने गुरुवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ हड़सर से डल झील मणिमहेश तक यात्रा मार्ग का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं का जायजा लिया और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने यात्रा मार्ग पर संचालित दुकानों का भी निरीक्षण किया तथा दुकानदारों से पर्यावरण संरक्षण एवं मणिमहेश घाटी की प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण में प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रा मार्ग पर छोटी क्षमता वाली पानी की बोतलों तथा नमकीन सहित अन्य छोटे पैकेटों की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी। उन्होंने दुकानदारों को निर्देश दिए कि प्रतिबंधित सामग्री का विक्रय न करें, ताकि प्लास्टिक कचरे पर प्रभावी नियंत्रण हो सके और घाटी की जैव विविधता तथा संवेदनशील पारिस्थितिकी तंत्र सुरक्षित रह सके। इससे श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और प्रदूषणमुक्त वातावरण भी उपलब्ध होगा।
उपायुक्त ने संपूर्ण यात्रा मार्ग पर बीड़ी, सिगरेट तथा अन्य तंबाकू उत्पादों की बिक्री नहीं करने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने धनछो के समीप दुनाली में पैदल पुल एवं सड़क तथा सुंदरासी से ऊपर ग्लेशियर प्वाइंट की मरम्मत को लेकर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर चल रहे निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश भी दिए।
मुकेश रेपस्वाल ने यात्रा मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, ठहराव स्थलों, शौचालयों तथा कूड़ा-कचरा प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि यात्रा पर निकलने से पहले अनिवार्य रूप से पंजीकरण करवाएं तथा मौसम की ताजा जानकारी प्राप्त करने के बाद ही यात्रा आरंभ करें। उन्होंने कहा कि इस वर्ष सभी श्रद्धालुओं के लिए पंजीकरण अनिवार्य किया गया है, इसलिए बिना पंजीकरण के यात्रा न करें।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विकास शर्मा, उपमंडल दंडाधिकारी अजय कुमार, वन मंडल अधिकारी रजनीश महाजन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।(SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →