Himachal: IPS Abhishek S Resumed Charge As SP Kullu : कुल्लू के नए एसपी अभिषेक सेकर ने संभाला कार्यभार, नशा तस्करों पर सख्त कार्रवाई और बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था होगी प्राथमिकता
बाबूशाही ब्यूरो
कुल्लू, 07 अगस्त 2026 : आईपीएस अधिकारी अभिषेक सेकर ने गुरुवार को कुल्लू के नए पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा तथा नशा तस्करों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नवनियुक्त एसपी ने कहा कि प्रदेश सरकार के 'एंटी चिट्टा अभियान' को कुल्लू जिले में पूरी गंभीरता और सख्ती के साथ लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा कारोबारियों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने बताया कि कार्रवाई केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नशा तस्करी से अर्जित अवैध संपत्ति की वित्तीय जांच कर उसे जब्त करने की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी। इसके साथ ही स्कूलों, कॉलेजों और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जनजागरूकता अभियान चलाकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी सूचना को बिना झिझक पुलिस के साथ साझा करें।
पर्यटन नगरी कुल्लू में यातायात व्यवस्था को लेकर एसपी अभिषेक सेकर ने कहा कि जिले में हर वर्ष बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों और पर्यटकों की सुविधा के लिए प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन योजना तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस बल की कमी के बावजूद कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था पर इसका कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ने दिया जाएगा।
मीडिया से बातचीत के दौरान एसपी अभिषेक सेकर ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और तथ्यात्मक व निष्पक्ष पत्रकारिता समाज के हित में है। उन्होंने आग्रह किया कि किसी भी समाचार के प्रकाशन या प्रसारण से पहले पुलिस का पक्ष भी अवश्य शामिल किया जाए, ताकि आम जनता तक सही, संतुलित और तथ्यात्मक जानकारी पहुंच सके। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →