Himachal: NH: मंडी-पठानकोट से जल्द जुड़ेगा मटौर-शिमला फोरलेन, PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह का खुलासा
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 11 अगस्त 2026 :
हिमाचल की दो बड़ी फोरलेन परियोजनाएं आपस में जुड़ेगी। इसके लिए केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने अपनी सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान कर दी है। दिल्ली दौरे के बाद लौटे लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सोमवार को पत्रकारवार्ता के दौरान यह खुलासा किया है।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष मंडी-पठानकोट फोरलेन सड़क को मटौर-शिमला के साथ जोड़ने का मामला प्रमुखता के साथ रखा था, जिस पर केंद्रीय मंत्री ने अपनी सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि नितिन गडकरी ने राष्ट्रीय राजमार्ग-305 के तहत सैंज-लुहरी-बंजार-औट मार्ग पर बंजार से औट तक सड़क के सुधार और टारिंग के लिए 25.11 करोड़ की राशि जारी करने के लिए मंजूरी प्रदान की है। वहीं, जलोड़ी सुरंग परियोजना की डीपीआर का मुद्दा भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखा है।
उन्होंने कहा कि यह डीपीआर सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के पास विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि मंत्री के समक्ष 1,775 करोड़ रुपए की स्वीकृति की प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया है। साथ ही कांगड़ा के राष्ट्रीय राजमार्ग 303 पर नगरोटा बगवां से रानीताल सड़क के लिए 395 करोड़ रुपए प्रदान करने का भी आग्रह किया गया है।
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि उन्होंने केंद्र सरकार से सेतु बंधन परियोजना के तहत पुलों के निर्माण के लिए 3.46 करोड़ की राशि उपलब्ध करवाने का भी आग्रह किया है। इसके अलावा उन्होंने सीआरआईएफ के तहत सड़क परियोजनाओं के लिए वार्षिक आवंटन बढ़ाकर 200 करोड़ करने का आग्रह भी किया है। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →