Chd-Manali Highway Blocked: चंडीगढ़-मनाली हाईवे बंद; वैकल्पिक मार्ग भी बंद, हिमाचल में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित, स्कूलों में छुट्टी
बाबूशाही ब्यूरो
कुल्लू : 11 अगस्त 2026 : हिमाचल प्रदेश में मानसून सक्रिय होने के चलते बीती रात से कई क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश हो रही है। भारी बारिश के कारण मंडी जिले में चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे झलोगी के पास यातायात के लिए बंद हो गया है।
वहीं, हाईवे के वैकल्पिक मार्ग के तौर पर इस्तेमाल होने वाला मंडी-कटौला मार्ग भी बंद हो गया है। इससे मंडी से कुल्लू-मनाली की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
उधर, राजधानी शिमला में भी भारी बारिश के कारण भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। संजौली के सिमिट्री क्षेत्र में देर रात हुए भूस्खलन की चपेट में सड़क किनारे खड़ी एक स्कूटी और बाइक आ गईं। दोनों वाहन मलबे में दब गए।
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में मंगलवार के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों और वाहन चालकों से सावधानी बरतने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
कुल्लू में स्कूल-कॉलेज बंद रखने की घोषणा भी की गई है, जबकि खराब मौसम के मद्देनजर प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →