Himachal Manimahesh Yatra : मणिमहेश यात्रा के अंतिम चरण के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू
बाबूशाही ब्यूरो
चंबा : 19 अगस्त 2026 :
मणिमहेश यात्रा 2026 के चौथे एवं अंतिम चरण के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो गया है। चौथे चरण में यात्रा करने वाले श्रद्धालु निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन पंजीकरण कर यात्रा संबंधी आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। प्रतिदिन 5,000 श्रद्धालुओं के लिए यात्रा स्लॉट निर्धारित किए गए हैं।
मौसम, विशेष दिनों एवं अन्य परिस्थितियों के अनुसार निर्धारित स्लॉट की संख्या में वृद्धि अथवा कमी की जा सकती है। एडीएम भरमौर विकास शर्मा ने यात्रा के चौथे एवं अंतिम चरण में आने वाले सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए उनसे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा यात्रा को सुरक्षित, सुगम, व्यवस्थित एवं स्वच्छ बनाने में सहयोग देने की अपील की है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से विशेष रूप से स्वच्छता का ध्यान रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग, पड़ाव स्थलों, मणिमहेश झील तथा आसपास के क्षेत्रों में कूड़ा-कचरा न फैलाएं। यात्रा के दौरान उत्पन्न कूड़े-कचरे को अपने साथ वापस लाएं तथा निर्धारित स्थान पर ही उसका उचित निस्तारण करें।
उन्होंने श्रद्धालुओं से प्लास्टिक, बोतलें, पैकेट एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री खुले में अथवा प्राकृतिक स्थलों पर न छोड़ने तथा स्वयं स्वच्छता का पालन करने के साथ-साथ अन्य श्रद्धालुओं को भी स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने की अपील की। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →