कुल्लू में कांग्रेस का पौधरोपण अभियान: 31 अगस्त तक पूरे जिले को हरा-भरा करने का लक्ष्य, बढ़ती महंगाई पर जताया विरोध
बाबूशाही ब्यूरो
कुल्लू : 29 अगस्त 2026 : पर्यावरण संरक्षण और जनसमस्याओं को लेकर जिला कुल्लू कांग्रेस कमेटी ने मोहल में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने परिसर में विभिन्न प्रजातियों के छायादार व फलदार पौधे रोपकर पूरे प्रदेश में हरियाली लाने का संदेश दिया।
कांग्रेस कमेटी ने संकल्प लिया है कि आगामी 31 अगस्त तक संपूर्ण जिला कुल्लू में सघन पौधारोपण अभियान चलाकर हर क्षेत्र को आच्छादित किया जाएगा।
वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में रोपे गए पौधे
कार्यक्रम में जिला कुल्लू एवं लाहौल-स्पीति कांग्रेस के प्रभारी तथा पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ जिला कुल्लू कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सेस राम आजाद सहित भारी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी ने कहा कि पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के लिए पौधरोपण अत्यंत आवश्यक है। 31 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान के तहत जिले के प्रत्येक ब्लॉक और गांव में पौधारोपण कर हरित आवरण बढ़ाया जाएगा।
खाद्य पदार्थों के बढ़ते दामों पर सरकार को घेरा
पौधारोपण के पश्चात कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देश में लगातार बढ़ रही महंगाई को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। नेताओं का कहना था कि आटा, दाल, तेल और सब्जियों जैसी आवश्यक खाद्य वस्तुओं के दामों में बेतहाशा वृद्धि हो चुकी है।
बढ़ती महंगाई ने आम आदमी और गरीब तबके का जीना दूभर कर दिया है।कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही महंगाई पर अंकुश नहीं लगाया, तो पार्टी जनता के हक के लिए सड़कों पर उतरकर आंदोलन को और तेज करेगी। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →