Himachal Apple Season: मानसून के बीच फ्रूट सीजन ने पकड़ी रफ्तार, प्रदेश से हर रोज डेढ़ लाख पेटी सेब सप्लाई
अब तक 56.86 लाख पेटियां बाहरी राज्यों को भेजीं
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 31 अगस्त 2026 : प्रदेश में मानसून की वर्षा के बीच सेब सीजन ने अब अपनी रफ्तार पकड़ना शुरू कर दी है। हिमाचल से बाहरी राज्यों के लिए रोजाना डेढ़ लाख से अधिक सेब पेटियां बाहरी राज्यों को भेजी जा रही हैं।
वहीं बाहरी राज्यों की मंडियों में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों से सेब की बंपर खेप पहुंचने लगी है। प्रदेश की कृषि उपज मंडी समितियों के 29 अगस्त तक के आंकड़ों के अनुसार हिमाचल से अब तक 56 लाख 86 हजार 237 पेटियां सेब बाहरी राज्यों को भेजी जा चुकी हैं। एपीएमसी के आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश की मंडियों में पहुंचने और मंडियों के बाहर सीधे कारोबार के माध्यम से सेब की लगातार बड़ी मात्रा बाहरी बाजारों का रुख कर रही है। शिमला-किन्नौर का क्षेत्र बाहरी राज्यों को सेब भेजने में सबसे आगे बना हुआ है।
इसके अलावा सोलन, मंडी, कांगड़ा, कुल्लू-लाहुल-स्पीति, सिरमौर, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और चंबा से भी सेब की खेप बाहरी मंडियों को भेजी गई है। शिमला और किन्नौर के 20 किलों के बॉक्स का दाम इन दिनों 400 से लेकर 3300 तक बागबानों को प्राप्त हो रहा है। 29 अगस्त तक शिमला और किनौर से 37 लाख 84 हजार 427 सेब पेटियां बाहरी राज्यों को भेजी गई हैं। सोलन से अब तक पांच लाख 27 हजार 340 सेब पेटियां बाहरी राज्यों को भेजी गई है। मंडी से चार लाख 58 हजार 523 पेटियां भेजी गई हैं। ज्यादा ठंडे क्षेत्रों में शामिल किन्नौर और लाहुल-स्पीती से आठ लाख 52 हजार 389 सेब पेटियां बाहरी राज्यों को भेजी गई हैं।
कुल्लू और लाहुल-स्पीति के सेब के दामों की बात की जाए तो दस किलो के बॉक्स को 200 से लेकर 1200 रुपए दाम मिल रहे हैं। 20 किलो के बॉक्स के दाम 400 से लेकर 2600 तक मिल रहे हैं। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →