हिमाचल-पंजाब बॉर्डर पर STF की बड़ी कार्रवाई, 8.66 ग्राम हैरोइन के साथ अंतर्राज्यीय नशा तस्कर गिरफ्तार
बाबूशाही ब्यूरो
धर्मशाला : 29 सितंबर 2026 : हिमाचल प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्टेट टास्क फोर्स नॉर्दर्न रेंज कांगड़ा को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ की टीम ने सीमावर्ती भदरोया क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पंजाब के एक युवक को 8.66 ग्राम हैरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार 28 सितम्बर को एसटीएफ की टीम ने भदरोया क्षेत्र में राजकीय माध्यमिक पाठशाला के समीप एक संपर्क मार्ग पर नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान एक युवक बिना नंबर प्लेट की स्कूटी पर वहां पहुंचा। पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर उसे जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 8.66 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसके बाद मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान मोहित (30) पुत्र यशपाल के रूप में हुई है। आरोपी मकान नंबर 13, मैड हट कॉलोनी, मॉडल टाऊन, जिला पठानकोट (पंजाब) का निवासी है। इस संदर्भ में एसटीएफ नॉर्दर्न रेंज कांगड़ा की एएसपी रेणु शर्मा ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना डमटाल में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसी अब इस नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज तलाशने में जुट गई है। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →