एशियन गेम्स के हिमाचली सितारों पर 5.33 करोड़ की इनामी बारिश, अकेले सावन बरवाल को 2.50 करोड़
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 28 सितंबर 2026 : जापान के आइची-नागोया में हुए एशियन गेम्स में हिमाचल का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को अब राज्य सरकार की ओर से करोड़ों रुपये की इनामी राशि मिलेगी। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल के पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए कुल 5.33 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। सबसे बड़ी राशि मंडी के मैराथन धावक सावन बरवाल को मिलेगी, जिन्हें रजत पदक जीतने पर 2.50 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
मंडी के सावन को 2.50 करोड़, चंबा की सीमा को 1.50 करोड़
एशियन गेम्स की पुरुष मैराथन में रजत पदक जीतने वाले मंडी के सावन बरवाल को 2.50 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी। वहीं, महिलाओं की 10 हजार मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतने वाली चंबा की सीमा कुमारी को 1.50 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। सावन बरवाल ने मैराथन में रजत पदक जीतकर हिमाचल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरव दिलाया, जबकि सीमा कुमारी ने 10 हजार मीटर दौड़ में कांस्य पदक हासिल किया।
कबड्डी की चार बेटियों को मिलेंगे 33.33-33.33 लाख
भारतीय महिला कबड्डी टीम की स्वर्ण पदक जीत में हिमाचल की चार खिलाड़ियों की भी अहम भागीदारी रही। पुष्पा राणा, रितु नेगी, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर को 33.33-33.33 लाख रुपये दिए जाएंगे। चारों खिलाड़ियों को मिलने वाली कुल राशि करीब 1.33 करोड़ रुपये होगी। टीम पुरस्कार का वितरण खिलाड़ियों की भागीदारी के अनुपात में निर्धारित नियमों के अनुसार किया जाएगा।
एशियन गेम्स में पदक के लिए तय है करोड़ों का पुरस्कार
हिमाचल प्रदेश स्पोर्ट्स काउंसिल के कैश अवॉर्ड नियमों के तहत एशियन गेम्स और पैरा एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक विजेता को 4 करोड़ रुपये, रजत पदक विजेता को 2.50 करोड़ रुपये और कांस्य पदक विजेता को 1.50 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि का प्रावधान है। इसके अलावा ओलंपिक, शीतकालीन ओलंपिक और पैरालंपिक में स्वर्ण पदक के लिए 5 करोड़, रजत के लिए 3 करोड़ और कांस्य के लिए 2 करोड़ रुपये का प्रावधान बताया गया है।
2024 में खिलाड़ियों को दिए 17.44 करोड़
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2024 में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने या पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को राज्य सरकार की ओर से कुल 17.44 करोड़ रुपये की इनामी राशि दी गई। वहीं, तीन प्रतिशत खेल कोटे के तहत अब तक 99 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दिए जाने की जानकारी भी दी गई। सरकार के अनुसार खिलाड़ियों के डाइट अलाउंस में भी बढ़ोतरी की गई है। प्रतियोगिताओं के लिए प्रदेश से बाहर जाने वाले खिलाड़ियों की यात्रा सुविधाओं में भी बदलाव किया गया है। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →