हिमाचल सीमा के पास CISF कैंप में खूनी वारदात, अपने ही जवान ने चार साथियों को मारी गोली
CISF कैंप में अचानक चली गोलियां, असिस्टेंट कमांडेंट समेत चार जवानों की मौत
बाबूशाही ब्यूरो
चंबा: 29 सितंबर 2026 : हिमाचल प्रदेश की सीमा के साथ लगते जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में मंगलवार शाम CISF कैंप में हुई फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। बसोहली क्षेत्र के माश्का में सेवा जलविद्युत परियोजना की सुरक्षा में तैनात एक CISF जवान ने कथित तौर पर अपने ही साथियों पर सर्विस राइफल से गोलियां चला दीं। फायरिंग में असिस्टेंट कमांडेंट समेत चार जवानों की मौत हो गई। आरोपी जवान को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
मृतकों में असिस्टेंट कमांडेंट एवं कंपनी कमांडर अंकित कुमार पांडे, सब-इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह, कांस्टेबल रफीक अहमद और कांस्टेबल संदीप कुमार शामिल हैं। चारों सेवा जलविद्युत परियोजना की सुरक्षा में तैनात थे।
विवाद के बाद फायरिंग की बात सामने आई
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कैंप में तैनात जवानों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान एक जवान ने साथियों पर गोलियां चला दीं। घटना मंगलवार शाम करीब 6:40 से 7:30 बजे के बीच बताई गई है। गोली लगने से चार जवान गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हिमाचल सीमा के करीब है घटनास्थल
घटना कठुआ के बसोहली इलाके के माश्का क्षेत्र में स्थित सेवा जलविद्युत परियोजना परिसर में हुई। यह इलाका हिमाचल प्रदेश की सीमा के नजदीक है। रिपोर्ट के मुताबिक, क्षेत्र में पहुंचने के लिए हिमाचल प्रदेश की ओर से आने-जाने वाले मार्गों का भी इस्तेमाल किया जाता है।
आरोपी हिरासत में, जांच शुरू
फायरिंग की सूचना मिलते ही कठुआ पुलिस और CISF के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। आरोपी जवान को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल फायरिंग के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस और CISF अधिकारी घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रहे हैं तथा घटना के क्रम और विवाद की वजह का पता लगाने में जुटे हैं।
एक ही सुरक्षा बल के जवानों के बीच हुई इस घटना ने कैंप की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, घटना के कारणों और परिस्थितियों की पूरी तस्वीर जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →