राष्ट्रपति के दौरे से बदलेगा मनाली-रोहतांग का ट्रैफिक प्लान, 7 अक्तूबर को अटल टनल तक आवाजाही पूरी तरह बंद
Babushahi Bureau
कुल्लू 05 अक्टूबर 2026 : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हिमाचल दौरे को लेकर कुल्लू-मनाली में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। राष्ट्रपति के 7 अक्तूबर को अटल टनल रोहतांग और हिडिंबा मंदिर जाने के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन ने मनाली से रोहतांग तक यातायात का विशेष प्लान लागू किया है। इसका सीधा असर पर्यटकों और स्थानीय लोगों की आवाजाही पर पड़ेगा। 6 अक्तूबर की रात से भारी वाहनों पर रोक शुरू होगी, जबकि 7 अक्तूबर को पलचान से अटल टनल तक सभी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
6 अक्तूबर रात से भारी वाहनों की एंट्री बंद
जिला प्रशासन के आदेश के अनुसार 6 अक्तूबर रात आठ बजे से 7 अक्तूबर दोपहर 12 बजे तक अटल टनल की ओर भारी वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी। आवश्यकता के अनुसार भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित अवधि में अनावश्यक रूप से इस मार्ग पर आवाजाही न करें।
7 अक्तूबर को पलचान से टनल तक नो एंट्री
राष्ट्रपति के अटल टनल दौरे के दिन सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी रहेगी। 7 अक्तूबर को पलचान से अटल टनल रोहतांग तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। राष्ट्रपति के काफिले के गुजरने के दौरान अन्य मार्गों पर भी आवश्यकता के अनुसार यातायात रोका, नियंत्रित या डायवर्ट किया जा सकता है।
रामबाग-हिडिंबा-ओल्ड मनाली मार्ग भी प्रभावित
राष्ट्रपति के मनाली प्रवास के दौरान रामबाग से हिडिंबा मंदिर और ओल्ड मनाली की ओर भारी वाहनों की आवाजाही पर भी 6 से 8 अक्तूबर तक प्रतिबंध रहेगा। हिडिंबा मंदिर में राष्ट्रपति के प्रस्तावित दर्शन को देखते हुए मंदिर मार्ग पर सुरक्षा का विशेष घेरा रहेगा। काफिले की आवाजाही के समय सामान्य यातायात को भी कुछ समय के लिए रोका जा सकता है।
मनाली में बढ़ेगी सुरक्षा, 600 जवान तैनात
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए मनाली को सुरक्षा के लिहाज से कई सेक्टरों में बांटकर पुलिस बल की तैनाती की गई है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार करीब 600 पुलिसकर्मियों को सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में लगाया गया है। मनाली, हिडिंबा मंदिर, पलचान और अटल टनल क्षेत्र में प्रमुख स्थानों पर पुलिस नाके लगाए जाएंगे।
पर्यटन गतिविधियों पर भी रोक
सुरक्षा कारणों से 6 से 8 अक्तूबर तक मनाली से अटल टनल तक पैराग्लाइडिंग, जिपलाइन, हॉट एयर बैलून सहित अन्य हवाई और साहसिक पर्यटन गतिविधियों पर रोक रहेगी। पर्यटन विभाग ने कारोबारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं और उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
सड़क किनारे की अस्थायी दुकानें भी हटाईं
राष्ट्रपति के प्रस्तावित रूट को साफ और सुरक्षित रखने के लिए मनाली से अटल टनल तक सड़क किनारे लगी अस्थायी दुकानों को हटाया जा रहा है। सोलंगनाला और हिडिंबा मंदिर मार्ग पर लगी दुकानों को खाली करवाया गया है। प्रशासन और पुलिस की टीमें संवेदनशील स्थानों का लगातार निरीक्षण कर रही हैं।
पर्यटकों के लिए जरूरी सूचना
प्रशासन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि वे 6 और 7 अक्तूबर को मनाली-रोहतांग-अटल टनल मार्ग पर यात्रा करने से पहले यातायात व्यवस्था की जानकारी जरूर लें। राष्ट्रपति के काफिले की सुरक्षा को देखते हुए मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा।
हालांकि आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों, एंबुलेंस, अग्निशमन वाहनों, पुलिस और सुरक्षा वाहनों तथा वीवीआईपी ड्यूटी में तैनात वाहनों को प्रतिबंध से छूट रहेगी।
राष्ट्रपति का तीन दिवसीय हिमाचल दौरा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 6 से 8 अक्तूबर तक हिमाचल प्रदेश के दौरे पर रहेंगी। दौरे की शुरुआत बिलासपुर स्थित एम्स के प्रथम दीक्षांत समारोह से होगी। इसके बाद वह मनाली पहुंचेंगी और 7 अक्तूबर को हिडिंबा मंदिर तथा अटल टनल रोहतांग जाने का कार्यक्रम है। 8 अक्तूबर को वह हिमाचल से दिल्ली के लिए रवाना होंगी। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →