कुल्लू में नशा तस्करी के 7 मामले, 11 आरोपी गिरफ्तार; 113.5 ग्राम चिट्टा और 465 ग्राम चरस बरामद
Babushahi Bureau
कुल्लू, 20 अक्तूबर: 2026: जिला कुल्लू पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सात अलग-अलग मामलों में 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इन मामलों में कुल 113.5 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 465 ग्राम चरस बरामद की गई है। सभी मामलों में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
1. कसोल के होमस्टे में 40.86 ग्राम चिट्टा बरामद
30 सितंबर 2026 को जिला डिटेक्शन सेल कुल्लू की टीम ने कसोल स्थित एक निजी होमस्टे में दबिश दी। तलाशी के दौरान पंजाब निवासी एक महिला और एक पुरुष के कब्जे से 40.86 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस थाना मणिकर्ण में मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार किया गया।
2. मनाली के होटल से 14.140 ग्राम चिट्टा बरामद
30 सितंबर को जिला डिटेक्शन सेल की टीम ने गोम्पा रोड, मनाली स्थित एक निजी होटल में तलाशी ली। इस दौरान तरनतारन, पंजाब निवासी 25 और 34 वर्षीय दो व्यक्तियों के कब्जे से 14.140 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस थाना मनाली में दोनों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
3. डोभी पुल के पास महिला से 30 ग्राम चिट्टा बरामद
1 अक्तूबर को पुलिस थाना पतलीकूहल की टीम ने डोभी पुल के समीप गश्त के दौरान 24 वर्षीय महिला निवासी जटेहड़ बिहाल को 30 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा। पुलिस के अनुसार, नशीला पदार्थ बच्चों की साइकिल के फ्रेम में छिपाकर रखा गया था। महिला के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।
4. लंकाबेकर में 3.83 ग्राम चिट्टा बरामद
2 अक्तूबर को जिला डिटेक्शन सेल कुल्लू ने गुप्त सूचना के आधार पर लंकाबेकर स्थित एक निजी आवास में दबिश दी। तलाशी के दौरान 33 वर्षीय दो व्यक्तियों के कब्जे से 3.83 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस थाना कुल्लू में मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
5. HRTC बस में 465 ग्राम चरस के साथ युवक पकड़ा
10 अक्तूबर को एसटीएफ सेंट्रल रेंज मंडी की टीम ने भुंतर-मणिकर्ण सड़क पर जच्छणी के समीप नाकाबंदी के दौरान एक एचआरटीसी बस की जांच की। इस दौरान राजस्थान के कोटा निवासी 22 वर्षीय युवक के कब्जे से 465 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस थाना भुंतर में मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 20 के तहत मामला दर्ज किया गया।
6. मनाली में दंपति से 10.670 ग्राम चिट्टा बरामद
15 अक्तूबर को पुलिस थाना मनाली की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सियाल स्थित एक निजी आवास में दबिश दी। तलाशी के दौरान गुरदासपुर, पंजाब निवासी 35 वर्षीय पुरुष और 29 वर्षीय महिला के कब्जे से 10.670 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया।
7. रंदल में 14 ग्राम चिट्टे के साथ चालक गिरफ्तार
15 अक्तूबर को पुलिस थाना ब्रौ की टीम ने रंदल (सुमनीधार) के समीप नाकाबंदी के दौरान एक वाहन की जांच की। इस दौरान निरमंड क्षेत्र के डोगर गांव निवासी 37 वर्षीय चालक के कब्जे से 14 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस थाना ब्रौ में मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 21 और 25 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, सभी मामलों में नियमानुसार जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →