पीएम मोदी का बड़ा बयान: 22 मिनट में दिया 22 तारीख के हमले का जवाब!
22 मई 2025 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को राजस्थान की धरती पर पहुंचे, जहां उन्होंने एक बड़ी सभा को संबोधित किया। गर्मी की दोपहर और जनसैलाब के बीच, जब मोदी मंच पर आए, तो पूरा वातावरण "मोदी-मोदी" के नारों और तालियों से गूंज उठा। इस बार उनका अंदाज कुछ अलग था – आत्मविश्वास से लबरेज और गर्व से भरा हुआ।
प्रधानमंत्री मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर की चर्चा करते हुए कहा कि अब यह गूंज सिर्फ सीमाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हर भारतीय के दिल में गूंज रही है। उन्होंने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि 22 तारीख को आतंकवादियों ने हमारे देश की बहनों के सिंदूर को उजाड़ने की कोशिश की थी, लेकिन भारत की सेना ने 22 मिनट में ही जवाब दिया और उन्हें "मिट्टी में मिला दिया"।
‘हमारी सेना ने पाकिस्तान को घुटने टेकने पर मजबूर किया’
प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर कहा, "22 अप्रैल को आतंकवादियों ने हमारे बहनों की मांग का सिंदूर उजाड़ने की कोशिश की। यह गोलियां पहलगाम में चलीं, लेकिन उन गोलियों से 140 करोड़ देशवासियों का दिल छलनी हुआ। उस दिन हर देशवासी ने संकल्प लिया कि आतंकवादियों को हम सिर्फ मिट्टी में मिलाएंगे, उन्हें इतनी बड़ी सज़ा देंगे कि वे अपनी हरकतों से कभी न उबर सकें।"
उन्होंने आगे कहा, "आज आपके आशीर्वाद और हमारे सेना के शौर्य से हम उस संकल्प पर खरे उतरे हैं। हमारी सरकार ने तीनों सेनाओं को खुली छूट दी, और तीनों सेनाओं ने मिलकर ऐसा चक्रव्यूह रचा कि पाकिस्तान को घुटने टेकने के लिए मजबूर कर दिया।"
प्रधानमंत्री मोदी के इस बयान के बाद वहां मौजूद लोगों ने जोरदार तालियों से उनका स्वागत किया। उन्होंने आत्मविश्वास से भरे हुए अंदाज में यह भी कहा कि पाकिस्तान को अब यह समझ में आ गया है कि भारत की सेना जब कार्रवाई करती है, तो उसका परिणाम क्या होता है।
MA
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →