बड़ी ख़बर : हरियाणा में कोरोना ने दी फिर से दस्तक, स्वास्थ्य विभाग ने शुरू की सख्त निगरानी
कोरोना वायरस ने एक बार फिर हरियाणा में दस्तक दी है। फरीदाबाद के सेहतपुर क्षेत्र के 28 वर्षीय युवक में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। यह मामला करीब ढाई साल बाद सामने आया है, जिससे स्वास्थ्य विभाग में हलचल मच गई है। युवक कुछ दिनों से बुखार, खांसी और सर्दी-जुकाम जैसी समस्याओं से जूझ रहा था, जिसके बाद उसने दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में कोरोना की जांच कराई। मंगलवार देर शाम आई रिपोर्ट में उसकी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। रिपोर्ट आते ही सफदरजंग अस्पताल ने उसे आईएचआईबी पोर्टल पर अपलोड किया और जिला स्वास्थ्य विभाग को सूचित किया।
स्वास्थ्य विभाग ने शुरू की सख्त निगरानी, संक्रमित युवक को आइसोलेशन में रखा
फरीदाबाद जिला स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना संक्रमण के मामले को गंभीरता से लिया है। संक्रमित युवक को आइसोलेशन में रखा गया है और उसकी सेहत पर नज़र रखने के लिए एक विशेष स्वास्थ्य टीम नियुक्त की गई है। यह टीम संक्रमित युवक से दिन में दो बार संपर्क करती है और उसकी स्थिति का जायजा लेती है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमित युवक के परिवार से संपर्क कर उन्हें कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने के निर्देश दिए हैं और परिवार के सभी सदस्यों की कोरोना जांच कराई जा रही है।
डॉ. रामभगत ने जनता से की अपील, सतर्कता से ही कोरोना से बचाव संभव
"कोरोना को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है," डॉ. रामभगत की सलाह"
उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामभगत ने कोरोना संक्रमण को लेकर जनता से अपील की है कि वे घबराएं नहीं। उन्होंने कहा, "सतर्कता ही बचाव है। मास्क पहनें, बार-बार हाथ धोएं और सार्वजनिक स्थानों पर शारीरिक दूरी बनाए रखें।" साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि बुखार, खांसी या सर्दी जैसे लक्षण होने पर तुरंत कोरोना टेस्ट कराएं और रिपोर्ट आने तक खुद को आइसोलेट रखें।
MA
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →