हिमाचल में दो नेशनल हाईवे बंद, 66 सड़कें ठप; रोहड़ू में भीषण लैंडस्लाइड से मचा हड़कंप
ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और कई क्षेत्रों में भारी बारिश; भूस्खलन से सड़क और बिजली व्यवस्था प्रभावित
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 28 सितंबर 2026 :
हिमाचल प्रदेश में सितंबर के आखिरी दिनों में मौसम ने एक बार फिर तेवर दिखाए हैं। भारी बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के बीच भूस्खलन ने प्रदेश में यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर दिया है। दो नेशनल हाईवे समेत 66 सड़कें यातायात के लिए बंद हो गई हैं। किन्नौर में NH-05 पर मलबा और पत्थर गिरने से यातायात बाधित है, जबकि दूसरे नेशनल हाईवे पर भी आवाजाही प्रभावित हुई है। शिमला जिले के रोहड़ू में भी पहाड़ी दरकने से सड़क बंद हो गई है।
रोहड़ू में पहाड़ी दरकी, सड़क पर आया भारी मलबा
रोहड़ू क्षेत्र में जांगलिख पुल के पास सोमवार सुबह अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा दरक गया। भारी मात्रा में मलबा और बड़े पत्थर सड़क पर आ जाने से मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में पहले से ही रुक-रुककर पत्थर गिर रहे थे।
लैंडस्लाइड का मलबा सुंदरू खड्ड तक पहुंचने से पानी के बहाव को लेकर भी चिंता बढ़ गई। प्रशासन ने स्थिति पर निगरानी रखी है। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल खड्ड का बहाव सामान्य है, लेकिन आसपास के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
NH-05 पर भी आवाजाही ठप
किन्नौर के पूह क्षेत्र में मलबा और पत्थर गिरने से नेशनल हाईवे-05 बंद हुआ है। यह मार्ग किन्नौर को प्रदेश के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण सड़क मार्ग है। हाईवे बंद होने से क्षेत्र में यातायात प्रभावित हुआ है और मार्ग बहाली के लिए मशीनरी को लगाया गया है।
66 सड़कें बंद, मंडी सबसे ज्यादा प्रभावित
राज्य में भूस्खलन और बारिश के कारण कुल 66 सड़कें बंद बताई गई हैं। इनमें मंडी में 29, लाहौल-स्पीति में 19, कुल्लू और कांगड़ा में छह-छह, सिरमौर में तीन, ऊना में दो और शिमला में एक सड़क शामिल है।
बारिश और भूस्खलन का असर बिजली आपूर्ति पर भी पड़ा है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में कई ट्रांसफार्मर प्रभावित होने की सूचना है।
ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी
मौसम में बदलाव का सबसे ज्यादा असर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में देखने को मिला है। लाहौल-स्पीति और किन्नौर के ऊंचे इलाकों में ताजा बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है। सितंबर के अंतिम सप्ताह में हुई बर्फबारी ने सर्दी के दस्तक देने का अहसास करा दिया है।
प्रशासन और संबंधित विभाग बंद सड़कों को बहाल करने में जुटे हैं। लोगों को भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नदी-नालों और खड्डों के आसपास अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी गई है। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →