Himachal: सिरमौर की पहली महिला सितारवादक डॉ. किरण बाला शर्मा को ‘भारत गौरव एक्सीलेंस अवॉर्ड 2026’
बाबूशाही ब्यूरो
नाहन : 27 सितंबर 2026 : सिरमौर जिला की पहली महिला सितारवादक व जिला के राजकीय महाविद्यालय, पांवटा साहिब की संगीत विभाग की प्रोफेसर डॉ. किरण बाला शर्मा को राष्ट्रीय सतर पर बड़ा पुरस्कार मिला है। डॉ. किरण शर्मा को सितार वादन, संगीत शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘भारत गौरव एक्सीलेंस अवॉर्ड 2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान जीवन फाउंडेशन एवं भारत सरकार के सहयोग से प्रदान किया गया। डॉ किरण शर्मा के इस सम्मान से राजकीय महाविद्यालय पांवटा साहिब व संपूर्ण जिला सिरमौर में ख़ुशी की लहर दौड़ गई है।
गौर हो कि डॉ. किरण बाला शर्मा सिरमौर की पहली महिला सितार वादक हैं तथा सितार वादन में एमए., एम.फिल. एवं पीएच.डी. की उच्च योग्यताएं रखती हैं। वे पिछले कई वर्षों से महाविद्यालय में प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं। उनके अनेक शोध-पत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं तथा उनकी पुस्तक ‘सितार कादम्बरी’ भी प्रकाशित है। उन्होंने अनेक राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में सहभागिता की है और महाविद्यालय में राष्ट्रीय स्तर के सेमिनार भी आयोजित कराए हैं। उनके मार्गदर्शन में अनेक विद्यार्थियों ने एम.ए., एम.फिल. एवं पीएच.डी. की उपाधियां प्राप्त की हैं, जिनमें कई गोल्ड मेडलिस्ट भी रहे हैं।
डॉ. किरण से प्रेरणा लेकर अनेक विद्यार्थियों ने सितार वादन में उच्च शिक्षा प्राप्त की और आज विभिन्न महाविद्यालयों में सेवाएं दे रहे हैं। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जगदीश चौहान ने डॉ. किरण बाला शर्मा को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। समस्त महाविद्यालय परिवार ने भी उनकी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →