Himachal Excise: ऑनलाइन नीलाम होंगे कांगड़ा के 348 शराब ठेके, ई-ऑक्शन से तय होंगे लिकर किंग, आज से शुरू होगी प्रक्रिया
प्रदेश मेें आज से शुरू होगी प्रक्रिया; अब ई-ऑक्शन से तय होंगे लिकर किंग, वर्षों से चली आ रही पारंपरिक प्रणाली को अलविदा
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 25 फरवरी 2026 :
हिमाचल प्रदेश सरकार ने इस वर्ष शराब के ठेकों की नीलामी प्रक्रिया में एक क्रांतिकारी बदलाव करते हुए डिजिटल राह पकड़ी है। वर्षों से चली आ रही पारंपरिक पर्ची व खुली बोली प्रणाली को अलविदा कहते हुए प्रदेश सरकार ने पहली बार ई-ऑक्शन प्रणाली लागू करने का निर्णय लिया है।
इस नई व्यवस्था का सबसे बड़ा केंद्र राजस्व जिला कांगड़ा बनने जा रहा है, जहां पारदर्शिता और प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के लिए विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है।
अब ठेकेदारों को बंद कमरों में बोली लगाने के बजाय ऑनलाइन माध्यम से अपना दम दिखाना होगा।
अकेले कांगड़ा में कुल 348 शराब ठेके शामिल हैं, जिनमें चार विशिष्ट देशी झोल के ठेके भी शामिल हैं। सरकार ने इस बार राजस्व को ध्यान में रखते हुए इन ठेकों का न्यूनतम आरक्षित मूल्य 283.75 करोड़ रुपए निर्धारित किया है। विभाग का मानना है कि डिजिटल प्रक्रिया अपनाने से न केवल बोलीदाताओं के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी, बल्कि सरकारी खजाने में भी अच्छी-खासी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
तीन मार्च को होगा महामुकाबला
आवेदनों के बाद दस्तावेजों के सफल सत्यापन के बाद तीन मार्च का दिन कांगड़ा के आबकारी इतिहास में बेहद महत्त्वपूर्ण होगा। इस दिन सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक ई-ऑक्शन के माध्यम से अंतिम बोली लगाई जाएगी। जो भी आवेदक पोर्टल पर सर्वाधिक बोली लगाएगा, संबंधित ठेका या यूनिट उसी के नाम आबंटित कर दी जाएगी। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →