Himachal Pradesh : बिजली कर्मचारी की करंट से मौत के मामले में जेई निलंबित, कमेटी कर रही मामले की जांच
बाबूशाही ब्यूरो
पालमपुर (कांगड़ा), 13 मई 2026 : बिंद्रावन के फाटा में बिजली कर्मी की मौत के मामले में बोर्ड ने जेई को निलंबित कर दिया है। जांच पूरी नहीं होने तक जेई को निलंबित किया है, जिससे मामले की निष्पक्षता से जांच हो सके। बिजली बोर्ड की ओर से गठित कमेटी मामले की जांच कर रही है।
सोमवार को बिंद्रावन के फाटा में बिजली लाइनों में काम करते समय विद्युत कर्मी मोहन लाल निवासी रानीताल की मौत हो गई थी। हादसे के बाद सोमवार को ही पालमपुर पुलिस ने भी जेई के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। सूत्रों की मानें तो बिजली बंद करने के स्विच को भी मोहन लाल और एक अन्य कर्मी ने स्वयं काटा था और दो बार इसे चेक भी किया था। अब इस हादसे को देख हर कोई हैरान है कि बिजली की तारों में करंट कैसे आ गया था। हालांकि, सूत्रों की मानें तो हादसे के समय जेई अन्य कर्मियों के साथ 33 केवी भट्टू के पास काम कर रहे थे।
उधर, विद्युत बोर्ड पालमपुर के अधिशासी अभियंता अमित पटियाल ने कहा कि बोर्ड ने जेई को निलंबित कर दिया है। कमेटी की रिपोर्ट से ही हादसे के असली कारणों का पता चलेगा।
परिवार को 15.28 लाख स्वीकृत
राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के अध्यक्ष प्रबोध सक्सेना ने कहा कि परिवार को 50,000 रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता दी जा चुकी है। इसके अतिरिक्त कर्मचारी मुआवजा अधिनियम 1923 के तहत 15.28 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। समूह बीमा योजना के तहत 5 लाख रुपये के भुगतान की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। सक्सेना ने लाइनमैन मोहन लाल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। बोर्ड मुख्यालय में दिवंगत कर्मचारी को श्रद्धांजलि दी। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →