Himachal Breaking: Manali-Leh Route Restored : मनाली-लेह मार्ग बहाल, जल्द शुरू होगी वाहनों की आवाजाही
शशिभूषण पुरोहित
मनाली/केलांग, 12 मई 2026: सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण 427 किलोमीटर लंबे मनाली-लेह मार्ग को सीमा सड़क संगठन (BRO) ने बहाल कर दिया है। भारी बर्फबारी और प्रतिकूल मौसम के कारण बंद पड़े इस मार्ग को खोलने के लिए बीआरओ की टीमों ने लगातार अभियान चलाया और अब सड़क पूरी तरह बहाल कर दी गई है।
बीआरओ अधिकारियों के अनुसार, अब लाहुल-स्पीति प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा संबंधी सभी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं, जिसके बाद आगामी कुछ दिनों में इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही को हरी झंडी दे दी जाएगी। मार्ग खुलने से न केवल सामरिक दृष्टि से सेना की आवाजाही सुगम होगी, बल्कि पर्यटन और स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा।
मंगलवार को सरचू में बीआरओ की दीपक परियोजना और हिमांक परियोजना के अधिकारियों ने एक-दूसरे का स्वागत कर मार्ग बहाली का जश्न मनाया। इस अवसर पर अधिकारियों ने बताया कि चुनौतीपूर्ण मौसम और ऊंचाई वाले दुर्गम क्षेत्रों में लगातार मेहनत कर सड़क को रिकॉर्ड समय में बहाल किया गया है।
बीआरओ की टीमों ने बर्फ हटाने के लिए अत्याधुनिक मशीनरी और विशेष उपकरणों का उपयोग किया। कई स्थानों पर 15 से 20 फीट तक जमी बर्फ को हटाकर मार्ग को यातायात योग्य बनाया गया।
मनाली-लेह मार्ग के खुलने से लाहुल-स्पीति और लेह-लद्दाख जाने वाले पर्यटकों के लिए सफर आसान होगा, वहीं स्थानीय लोगों को आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में भी राहत मिलेगी। हर वर्ष यह मार्ग खुलने का बेसब्री से इंतजार किया जाता है क्योंकि यह हिमाचल को लद्दाख से जोड़ने वाला सबसे अहम सड़क संपर्क है।
प्रशासन ने फिलहाल यात्रियों से अपील की है कि आधिकारिक अनुमति मिलने तक मार्ग पर यात्रा का प्रयास न करें और मौसम व सड़क की स्थिति को देखते हुए प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
बीआरओ अधिकारियों ने विश्वास जताया है कि यदि मौसम अनुकूल रहा तो बहुत जल्द आम वाहनों के लिए भी इस ऐतिहासिक मार्ग को खोल दिया जाएगा। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →