Himachal Breaking: कांगड़ा में नशा तस्कर मां-बेटों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 96 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त
बाबूशाही ब्यूरो
धर्मशाला, 19 मई 2026 : कांगड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशा तस्कर महिला व उनके दो बेटों की करीब एक करोड़ की संपत्तियां जब्त की हैं। पुलिस ने बैजनाथ के कुदैल निवासी सोनिका राणा और उसके पुत्रों प्रिंस राणा व आकाश राणा की 96 लाख 77 हजार 350 रुपए मूल्य की संपत्तियों को जब्त कर लिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई मादक पदार्थ अधिनियम एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के अंतर्गत की है।
जानकारी के अनुसार सोनिका राणा पत्नी विनोद कुमार निवासी गांव मलेहड़, डाकघर कुदैल, तहसील बैजनाथ जिला कांगड़ा तथा उसके पुत्र प्रिंस राणा और आकाश राणा द्वारा नशा तस्करी से अवैध रूप से संपत्ति अर्जित किए जाने के प्रमाण मिले थे। मामले में 24 फरवरी 2026 को पुलिस थाना बैजनाथ में मामला दर्ज किया गया था। इस दौरान 32.56 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। प्रकरण में प्रिंस राणा और मंडी निवासी सुधांशु सोनी को गिरफ्तार किया गया था।
जांच आगे बढ़ने पर सोनिका राणा, उसके दूसरे पुत्र आकाश राणा तथा अन्य सहयोगियों की संलिप्तता भी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की वित्तीय गतिविधियों की गहन पड़ताल की। इसमें सामने आया कि सोनिका राणा और उसके पुत्रों के नाम पर लगभग 96 लाख 77 हजार 350 रुपए की संपत्तियां नशा तस्करी से अर्जित धन से खरीदी गई थीं। इसके बाद पुलिस थाना बैजनाथ ने 19 अप्रैल 2026 को मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 68 एफ (1) के तहत इन संपत्तियों को जब्त करने के आदेश जारी किए। इन आदेशों की पुष्टि 18 मई 2026 को सक्षम प्राधिकारी नई दिल्ली द्वारा कर दी गई। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →