Himachal Pradesh : चार किलोग्राम चरस के साथ कुल्लू के दो व्यक्ति गिरफ्तार, पांच युवकों से चिट्टा पकड़ा
बाबूशाही ब्यूरो
बिलासपुर, 18 मई 2026 : हिमाचल प्रदेश में चार किलोग्राम चरस व 256 ग्राम चिट्टा के साथ छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बिलासपुर जिला पुलिस की ओर से नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान में नम्होल पुलिस चौकी को बड़ी सफलता मिली है।
टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल्लू जिले के दो लोगों को चार किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार नम्होल पुलिस चौकी की टीम को गुप्त सूचना मिली कि एक कार में नशे की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने नम्होल क्षेत्र में नाकाबंदी कर एक कार को जांच के लिए रोका गया। कार में दो व्यक्ति मौजूद थे, पुलिस को देखते ही दोनों घबरा गए।
शक होने पर पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान गाड़ी से चार किलोग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान धनी राम (52) निवासी गांव जलैहर डाकघर सराहन तहसील निरमंड और मदन लाल (32) निवासी गांव रूबा डाकघर व तहसील आनी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना बरमाणा में एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चरस की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि नशा तस्करों को किसी भी सूरत में बक्शा नहीं जाएगा। पुलिस की ओर से चलाए गए अभियान को और तेज किया जाएगा।
पतलीकूहल में 52 ग्राम चिट्टा के साथ पकड़ा युवक
स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) कुल्लू की टीम ने नशे की बड़ी मात्रा पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। पतलीकूहल में किराये के कमरे में एक युवक से 52 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ पतलीकूहल थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जानकारी के अनुसार पतलीकूहल में एसटीएफ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एक किराये के कमरे में दबिश दी। यहां पर तलाशी के दौरान आरोपी टिंकू (36) निवासी गांव जटेहड़ बिहाल, डाकघर कटराईं, कुल्लू के कब्जे से 52 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया।
पतलीकूहल में चिट्टा की बड़ी खेप पकड़ने के बाद कई तरह की चर्चाओं का माहौल है। इस संबंध में एसपी मदन लाल कौशल ने कहा कि आरोपी से पूछताछ चल रही है। आरोपी काफी समय से नशे का अवैध कारोबार कर रहा था।
चिट्टा के साथ पकड़े अमृतसर के चार युवक
स्पेशल टास्क फोर्स चंबा ने चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग-154ए पर डुगा डांगा करोरी बंगला के पास एक कार से 204 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। मामले में पंजाब के अमृतसर निवासी चार युवकों को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ ने नाकाबंदी के दौरान पठानकोट से चंबा जा रही कार डीएल 11 सीए 2390 को रोका। तलाशी लेने पर कार से 204 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने कार में सवार चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान गुरदास सिंह (24) निवासी गांव गुरकी बदाली पोस्ट ऑफिस च्यारता, जिला अमृतसर, सोनू (24) निवासी सुंदरनगर मुस्तफाबाद जिला अमृतसर, प्रदीप सिंह (22) निवासी शुभाष नगर 88 फीट रोड, बटाला रोड, अमृतसर और गुरदीप सिंह (32) निवासी मुस्तफाबाद हवेलियां, विजय नगर जिला अमृतसर के रूप में हुई है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने मामले की पुष्टि की है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →