Himachal Pradesh : धर्मशाला के व्यस्त कोतवाली बाजार में खड़ी बाइक में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी, देखें वीडियो
बाबूशाही ब्यूरो
धर्मशाला, 04 जुलाई 2026: हिमाचल प्रदेश के जिला मुख्यालय धर्मशाला के व्यस्त कोतवाली बाजार में शनिवार को दिनदहाड़े एक खड़ी रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के दौरान बाजार में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई, जबकि इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाजार में खड़ी मोटरसाइकिल से पहले धुआं उठता दिखाई दिया और कुछ ही क्षणों में उसमें भीषण आग भड़क उठी। आग की ऊंची लपटों को देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दूरी बना ली और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि मोटरसाइकिल को बचाया नहीं जा सका।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह जल चुकी थी। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से उसे आसपास की दुकानों और अन्य वाहनों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, व्यस्त बाजार में हुई इस घटना से कुछ समय के लिए लोगों में दहशत का माहौल बना रहा।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। (SBP)
वीडियो देखने के लिए क्लिक करें :https://drive.google.com/file/d/1esHPCOIpgaXu6GRrnH05CqS05QuuA6-4/view?usp=drivesdk
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →